रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:30 किलो गांजा बरामदगी मामले में पुलिस जांच पर उठे सवाल, हाईकोर्ट ने आरोपी को दी जमानत – Questions Raised Over Police Investigation In Case Involving Seizure Of 30 Kg Of Cannabis Hcgrants Bail
जयपुर

राजस्थान:30 किलो गांजा बरामदगी मामले में पुलिस जांच पर उठे सवाल, हाईकोर्ट ने आरोपी को दी जमानत – Questions Raised Over Police Investigation In Case Involving Seizure Of 30 Kg Of Cannabis Hcgrants Bail

November 29, 2026


Questions raised over police investigation in case involving seizure of 30 kg of cannabis HCgrants bail

राजस्थान हाईकोर्ट
– फोटो : Amar Ujala

विस्तार

राजस्थान उच्च न्यायालय ने एनडीपीएस कानून के तहत 30 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में पुलिस जांच की गंभीर खामियों पर सवाल उठाते हुए आरोपी अजय कुमार शर्मा को जमानत दे दी है। न्यायाधीश रवि चिरानिया की पीठ ने जब्ती और जांच प्रक्रिया में भारी विसंगतियां पाईं। अदालत ने करौली के पुलिस अधीक्षक को 22 फरवरी, 2025 से लेकर आरोप-पत्र पेश होने तक की जांच प्रक्रिया की विभागीय जांच कराने और चार महीने में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने पाया कि 23 फरवरी, 2025 को जब्त मादक पदार्थ को लगभग पांच महीने तक थाने के मालखाने में ही रखा गया।

जांच में विसंगतियां और देरी

अदालत के समक्ष आए तथ्यों के अनुसार जब्त गांजे को एफएसएल जांच के लिए भेजने का पत्र 28 जुलाई 2025 को तैयार हुआ और नमूने 1 अगस्त, 2025 को जमा कराए गए। इस प्रकार जब्ती के करीब पांच महीने बाद नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। आरोपी के अधिवक्ता डॉ. विभूति भूषण शर्मा ने तर्क दिया कि 22 फरवरी, 2025 को मनीराम को उसके घर से उठाकर अवैध अभिरक्षा में रखा और उसके जरिये अजय कुमार शर्मा को बुलवाया गया। इसके बाद 23 फरवरी को सपोटरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर गांजा बरामदगी दिखाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती दस्तावेज में वाहन को कार बताया गया, जबकि बाद के कागजातों में उसी नंबर की गाड़ी को जीप दर्ज कर दिया गया। दाताराम और अजय शर्मा के पूछताछ नोट्स में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज मिला तथा एक अन्य नोट खाली रखकर किसी दूसरे व्यक्ति की फोटो लगाई गई थी।

अदालत के आदेश की अवहेलना

विचारण न्यायालय ने 7 जुलाई, 2026 को घटना अवधि के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज जुटाकर पेश करने के निर्देश दिए थे, लेकिन चार महीने बाद भी पुलिस ने पालना नहीं की। उच्च न्यायालय द्वारा 26 नवंबर को तलब किए जाने पर अनुसंधान अधिकारी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुए करौली के पुलिस अधीक्षक लोकेश सोरवाल ने स्वीकार किया कि विचारण न्यायालय के आदेश की पालना में आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की गंभीर चूक मानते हुए विभागीय कार्रवाई की बात कही।

एनडीपीएस मामलों में निष्पक्षता जरूरी

उच्च न्यायालय ने कहा कि एनडीपीएस कानून में कठोर सजा के प्रावधान हैं, इसलिए अनुसंधान अधिकारी को कानून और उच्चतम न्यायालय के सिद्धांतों का पूरी गंभीरता से पालन करना चाहिए। अदालत ने मामले के गुण-दोष पर अंतिम टिप्पणी किए बिना आरोपी की अभिरक्षा अवधि और विचारण में लगने वाले समय को ध्यान में रखा। पीठ ने स्पष्ट किया कि जब मामला संदेहास्पद प्रतीत हो और अभियोजन पक्ष विसंगतियों का स्पष्टीकरण न दे पाए, तब किसी व्यक्ति को लंबे समय तक स्वतंत्रता से वंचित रखना उचित नहीं है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X