रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जयपुर:टीकाराम जूली का भाजपा पर हमला- मुख्यमंत्री बदलने से नहीं मिटेगी नाराजगी, राजस्थान में अब बदलेगा राज – Rajasthan: Tikaram Jully Targets Bjp, Says Changing Cm Or Cabinet Won’t End Public Anger
जयपुर

जयपुर:टीकाराम जूली का भाजपा पर हमला- मुख्यमंत्री बदलने से नहीं मिटेगी नाराजगी, राजस्थान में अब बदलेगा राज – Rajasthan: Tikaram Jully Targets Bjp, Says Changing Cm Or Cabinet Won’t End Public Anger

November 24, 2026


राजस्थान में पंचायत चुनाव के बाद चल रहे सियासी घमासान के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अब केवल मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बदलेगा, बल्कि राजस्थान में राज बदलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व मुख्यमंत्री बदलकर सरकार के खिलाफ बने सत्ता विरोधी माहौल को खत्म करने का सपना देख रहा है लेकिन जनता का गुस्सा किसी एक चेहरे तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री ही नहीं, पूरा मंत्रिमंडल बदल देने के बावजूद भाजपा जनता की नाराजगी दूर नहीं कर पाएगी।

जूली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के दो साल के कामकाज को देख रही है। सरकार के प्रति लोगों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है और अपराध भी चिंता का विषय बने हुए हैं। आमजन अपनी रोजमर्रा की समस्याओं को लेकर परेशान हैं। सरकार के कामकाज से निराश लोगों के बीच अब यह चर्चा होने लगी है कि ‘कमल का फूल हमारी भूल’। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझना होगा कि जनता की नाराजगी केवल नेतृत्व परिवर्तन से खत्म नहीं होगी। इसके लिए सरकार को अपने कामकाज का जवाब देना होगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनावी हार के बाद भाजपा में जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ने की होड़ मची हुई है। पार्टी में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हार के लिए सरकार जिम्मेदार है या संगठन अथवा दोनों। हर कोई अपनी जिम्मेदारी से बचने और दूसरे पर दोष मढ़ने में लगा है। भाजपा नेताओं की ओर से लगातार ऐसे बयान दिए जा रहे हैं, जिनका मकसद चुनावी हार और जनता के वास्तविक सवालों से ध्यान भटकाना है। जूली ने कहा कि बयानबाजी से न तो चुनावी हार की जिम्मेदारी से बचा जा सकता है और न ही जनता के मन में पैदा हुई नाराजगी को दूर किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: सिरोही: जिला परिषद प्रमुख और उप प्रमुख चुनाव का कार्यक्रम जारी, 25 व 26 नवंबर को होगी निर्वाचन प्रक्रिया

जिला प्रमुख और प्रधान चुनाव में खरीद-फरोख्त के प्रयासों पर उठाए सवाल

जूली ने जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनाव को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर भाजपा निकाय चुनाव के दौरान अपनाए गए हथकंडों को दोहराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, वहां निर्दलीय या अन्य दलों के समर्थन से जिला प्रमुख अथवा प्रधान का चुनाव होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसमें किसी को आपत्ति नहीं हो सकती।

हालांकि उन्होंने कहा कि जहां दबाव, जबरदस्ती और कथित खरीद-फरोख्त के जरिए जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, वहां यह गंभीर चिंता का विषय है। जनता ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर जनप्रतिनिधियों को चुना है। उनके फैसले का सम्मान होना चाहिए। सत्ता के दबाव या प्रलोभन के जरिए निर्वाचित प्रतिनिधियों की स्वतंत्रता को प्रभावित करना लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में सत्ता का आधार जनता का जनादेश होता है, न कि जोड़-तोड़ और दबाव की राजनीति। जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में निर्वाचित सदस्यों को स्वतंत्र रूप से फैसला लेने का अवसर मिलना चाहिए। जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी नतीजों के बाद भी सत्ता का प्रभाव इस्तेमाल कर राजनीतिक समीकरण अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के फैसले को बदलने की कोशिश लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X