जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के खालिसपुर गांव में रविवार रात पड़ोसी के हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
क्या है पूरा मामला
गांव निवासी अवधेश पाठक (30) रविवार रात करीब 10 बजे अपना खेत देखने गया था। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। इस दौरान पड़ोसी ने उस पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन सीएचसी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अवधेश ने दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।