गुरुग्राम शहर के सेक्टर-65 स्थित लग्जरी आवासीय परियोजना ट्रंप टावर्स में रहने वाले एक परिवार ने बिल्डर और प्रबंधन पर उन्हें अपने ही घर में कैद करने जैसे हालात पैदा करने का आरोप लगाया है। 36वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 36सी के मालिक वरुण सुहाग ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने उनके फ्लोर पर लिफ्ट का कॉल बटन बंद कर दिया।
इसके अलावा मेहमानों, डिलीवरी एजेंटों, निजी वाहनों और घरेलू सामान की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। मामले को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो और शिकायत साझा की। मामला वायरल होने के बाद तकनीकी कर्मचारियों ने लिफ्ट की सुविधा बहाल कर दी।
वरुण सुहाग ने एक नवंबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो साझा कर बताया कि उन्होंने 27 अगस्त को फ्लैट का कब्जा लिया था। 30 अक्टूबर को घर में फर्नीचर और अन्य सामान शिफ्ट करने के दौरान विवाद शुरू हुआ। उनका आरोप है कि इसके बाद बिल्डर एम3एम और प्रबंधन की ओर से उनके परिवार की आवाजाही में बाधा डाली जाने लगी।