दिवाली पर पटाखों का धुआं बढ़ा सकता है अस्थमा के मरीजों की परेशानी, डॉक्टर ने दी ये जरूरी सलाह
अंबाला: आज देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है, बाजारों से लेकर घरों तक रौनक दिखाई दे रही है. दरअसल लोग मिठाइयां बांटकर और पटाखे जलाकर त्योहार का आनंद ले रहे हैं, लेकिन इस खुशियों भरे माहौल में अस्थमा और सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. बता दें कि दिवाली पर पटाखों से निकलने वाला धुआं और हवा में मौजूद धूल-मिट्टी सांस की परेशानी को बढ़ा सकती है. ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी मरीजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है.
खेतों में जीरी की कटाई और पटाखों का धुआं बढ़ा सकता है एलर्जी की परेशानी
वहीं इस बारे में लोकल 18 को जानकारी देते हुए अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि वर्तमान समय एलर्जी के लिहाज से काफी संवेदनशील है. एक तरफ खेतों में जीरी की कटाई चल रही है, जिससे धूल और अन्य कण हवा में फैलते हैं, वहीं दूसरी तरफ दिवाली पर पटाखों से निकलने वाला धुआं भी वातावरण को प्रभावित करता है. ऐसे में अस्थमा के मरीजों को धूल-मिट्टी और धुएं से दूरी बनाकर रखनी चाहिए.
पटाखों के धुएं से बचें, बाहर निकलते समय पहनें N95 मास्क
डॉ. जितेंद्र वर्मा के अनुसार, सांस के मरीजों को पटाखे जलाने वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए. पटाखों से निकलने वाला धुआं सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकता है, जिससे खांसी, गले में जलन और सांस लेने में परेशानी बढ़ सकती है. अगर किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनना चाहिए. इसके अलावा घर में धुआं आने पर एग्जॉस्ट फैन चलाकर उसे बाहर निकालने की व्यवस्था करें और एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि घर में सफाई के दौरान उड़ने वाली धूल से भी बचना चाहिए. जिन कमरों की दीवारों पर सीलन है, वहां बैठने से परहेज करें. साथ ही पंखे के इस्तेमाल से धूल उड़ने की आशंका हो तो सावधानी बरतें.
दिवाली पर खानपान का रखें ध्यान, कुछ खाद्य पदार्थ बढ़ा सकते हैं परेशानी
उन्होंने बताया कि दिवाली पर मिठाइयों और तरह-तरह के पकवानों का दौर चलता है, लेकिन सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को अपने खानपान पर भी ध्यान देना चाहिए. डॉ. वर्मा ने बताया कि कुछ मरीजों में विशेष खाद्य पदार्थ एलर्जी या परेशानी बढ़ा सकते हैं. उन्होंने घी, चावल और अचार जैसी चीजों से परहेज करने की सलाह दी. हालांकि, खानपान में बदलाव मरीज की व्यक्तिगत स्थिति और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए.
डॉ. वर्मा ने बताया कि अस्थमा के मरीजों को अपने पास हमेशा डॉक्टर द्वारा निर्धारित रिलीवर इनहेलर यानी सांस का पंप रखना चाहिए.
सांस लेने में परेशानी बढ़े तो तुरंत अस्पताल पहुंचें
गले में खराश या सूखापन होने पर गर्म पानी पी सकते हैं और शरीर को हाइड्रेटेड रखना चाहिए. भाप लेने या अन्य घरेलू उपायों को अस्थमा अटैक का इलाज नहीं समझना चाहिए. अगर सांस लेने में ज्यादा परेशानी हो या इनहेलर से राहत न मिले तो तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए.
आयुर्वेदिक चूर्ण का इस्तेमाल भी डॉक्टर की सलाह से करें
उन्होंने कुछ आयुर्वेदिक चूर्ण जैसे सितोपलादि चूर्ण और अन्य औषधियों का भी जिक्र किया, लेकिन मरीजों को इन्हें बिना चिकित्सकीय परामर्श के इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
दिवाली का असली आनंद तभी है जब त्योहार के साथ सेहत का भी ध्यान रखा जाए. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को पटाखों के धुएं से दूर रखना जरूरी है. सांस की बीमारी से पीड़ित लोग भीड़भाड़ और धुएं वाली जगहों पर जाने से बचें और अपनी नियमित दवाएं समय पर लें. थोड़ी सी सावधानी अपनाकर आप खुद भी सुरक्षित रह सकते हैं और अपने परिवार के साथ दिवाली की खुशियां भी मना सकते हैं.
