देश की सुरक्षा और संप्रभुता को निशाना बनाने वाले अपराध गंभीर, नहीं दे सकते जमानत:हाईकोर्ट – Crimes Targeting The Nation’s Security And Sovereignty Are Serious; Bail Cannot Be Granted: High Court
चंडीगढ़। लुधियाना की बस्ती जोधेवाल पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले की साजिश रचने के आरोपी को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने जमानत देने से इन्कार कर दिया है। उत्तर प्रदेश निवासी शाह आलम उर्फ सहलाम पर दुबई में रहते हुए पाकिस्तान में आईएसआई से जुड़े एक व्यक्ति के इशारे पर पंजाब में आतंकी हमले की योजना बनाने का आरोप है।
जस्टिस शालिनी सिंह नागपाल ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा कि इस तरह के अपराध देश की सुरक्षा और संप्रभुता को निशाना बनाते हैं। अभियोजन पक्ष की यह आशंका भी निराधार नहीं है कि जमानत मिलने पर आरोपी फरार हो सकता है और दोबारा देशविरोधी गतिविधियों में शामिल हो सकता है। हाईकोर्ट ने कहा कि जांच एजेंसी ने प्रथमदृष्टया आरोपी की संलिप्तता दर्शाने के लिए पर्याप्त सामग्री जुटाई है। केवल लंबे समय से जेल में बंद होने के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती।
चचेरे भाई के पास से मिला था हैंड ग्रेनेड :
इस मामले में एक अप्रैल 2025 को अमृतसर के स्टेट ऑपरेशन सेल में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर पंजाब समेत अन्य राज्यों में सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा है। इसी दिन पुलिस ने आरोपी के चचेरे भाई को अमृतसर के पास एक किट बैग में हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि ग्रेनेड उसे शाह आलम के निर्देश पर मिला था और इससे लुधियाना की बस्ती जोधेवाल पुलिस चौकी पर हमला करना था। इसके बदले उसे 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।
सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तानी मलिक के संपर्क में था आरोपी
जांच में सामने आया कि पाकिस्तान में मलिक नाम का व्यक्ति सोशल मीडिया के जरिये शाह आलम के संपर्क में था। आरोप है कि मलिक ने ही उसे हमले के लिए ग्रेनेड की व्यवस्था करने को कहा था। पंजाब पुलिस की ओर से जारी लुकआउट सर्कुलर के आधार पर आरोपी को मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था।
बचाव पक्ष ने कहा- आरोपी से कोई बरामदगी नहीं हुई
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान आरोपी के वकील ने दलील दी कि उसके पास से कोई बरामदगी नहीं हुई है और उसे सह-आरोपी के बयान के आधार पर झूठा फंसाया गया है। हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपी 24 अगस्त 2025 से न्यायिक हिरासत में है लेकिन जमानत पर फैसला करते समय अपराध की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्य, आरोपी के फरार होने की आशंका और समाज के व्यापक हित को भी ध्यान में रखना जरूरी है। इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने जमानत देने का कोई आधार नहीं पाया और याचिका खारिज कर दी।
