Faridabad News:15.75 करोड़ की जमीन बेचने में फर्जीवाड़े का आरोप, पांच पर केस – Allegations Of Fraud In The Sale Of Land Worth 15.75 Crore Case Registered Against Five Individuals
15.75 करोड़ की जमीन फर्जी दस्तावेजों से बेचने का आरोप, पांच के खिलाफ प्राथमिकी
– कंपनी के पूर्व निदेशक ने शेयर हड़पने का लगाया आरोप, दो फार्म हाउस की रजिस्ट्री कम कीमत दिखाकर कराने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पावटा गांव में रियल एस्टेट कंपनी की 15.75 करोड़ रुपये की जमीन फर्जी दस्तावेजों से बेचने और हिस्सेदारी हड़पने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कंपनी के पूर्व निदेशक का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना फर्जी हस्ताक्षर से प्रस्ताव पारित कराकर दो फार्म हाउस की रजिस्ट्री दूसरे लोगों के नाम करा दी गई।
ऊंचा गांव निवासी अशोक कुमार चौधरी ने 26 अगस्त को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में उन्होंने राहुल सूरी, दिनेश सिंह और बद्री प्रसाद के साथ कॉस्मिस बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई। चारों की 25-25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी ने पावटा गांव में जमीन लेकर अरावली फैंटासिया नाम से फार्म हाउस प्रोजेक्ट बनाया था। वर्ष 2016 के बाद कंपनी का कामकाज बंद हो गया था।
आरोप है कि राहुल सूरी ने 7 जून 2019 की तारीख का फर्जी बोर्ड प्रस्ताव तैयार कर उस पर अशोक कुमार के जाली हस्ताक्षर किए। इसी आधार पर फार्म हाउस नंबर 29 की 1400 गज जमीन 5 दिसंबर 2024 को पोमिंद्र इरसर के नाम 22.70 लाख रुपये में रजिस्ट्री करा दी गई, जबकि इसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये थी। इसी तरह 8500 गज के फार्म हाउस नंबर 11 की जमीन 18 दिसंबर 2025 को डॉ. विकास शर्मा के नाम 1.35 करोड़ रुपये में रजिस्ट्री कराई गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसकी कीमत करीब 12.75 करोड़ रुपये थी। अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल सूरी और डॉ. विकास शर्मा उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। उन्होंने हथियारों से हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए धौज थाने में दर्ज प्राथमिकी का हवाला दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि राहुल सूरी, दिनेश सिंह, बद्री प्रसाद, डॉ. विकास शर्मा और पोमिंद्र इरसर आरोपी हैं। 16 नवंबर को धौज थाने में धोखाधड़ी, गबन और साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया गया। जांच आर्थिक अपराध शाखा एनआईटी को सौंपी गई है।
