राजस्थान के पांचों विद्युत निगमों में कनिष्ठ अभियंता-प्रथम के 869 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा का शेड्यूल जारी हो गया है। विद्युत निगम 29 और 30 नवंबर को ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन करेगा। यह परीक्षा राजस्थान के 12 जिलों में की जा रही है। इस बार भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से इलेक्ट्रिकल शाखा के 727 पदों, मैकेनिकल के 110 पदों और सिविल के 32 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड
कनिष्ठ अभियंता-प्रथम की ऑनलाइन परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को प्रथम चरण में वीरवार को उनकी परीक्षा तिथि, समय और परीक्षा केंद्र के जिले की सूचना दे दी गई है। प्रत्येक अभ्यर्थी को यह जानकारी एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है। दूसरे चरण में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र का नाम, गूगल लिंक और परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारियां 25 नवंबर को जारी की जाएंगी। इसके बाद अभ्यर्थी पांचों विद्युत निगमों की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: सीईटी सीनियर सेकेंडरी परीक्षा का संशोधित शेड्यूल जारी, 1 से 3 दिसंबर तक 6 पारियों में होगा एग्जाम
अन्य भर्ती परीक्षाएं और गोपनीयता
इसी प्रकार कनिष्ठ सहायक या वाणिज्यिक सहायक-द्वितीय के कुल 765 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा की तिथि, समय और परीक्षा शहर की सूचना 25 नवंबर को जारी की जाएगी। कनिष्ठ लेखाकार के 371 पदों पर भर्ती हेतु यह विवरण 1 जनवरी 2027 को अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
विद्युत उत्पादन निगम ने भर्ती परीक्षा के परीक्षा केंद्रों की जानकारी साझा करने में अतिरिक्त गोपनीयता बरतने का फैसला किया है। निगम ने भर्ती प्रक्रिया में पूरी गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा संबंधी जानकारियां दो चरणों में जारी करने का निर्णय लिया है।