रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
न पानी-न निकासी, न रोशनी:छह साल से ढकपुरा में ढाक के तीन पात, शहर से सटे इलाके में बुनियादी सुविधाओं का संकट – No Water, No Drainage, No Light In Dhakpura Hathras
हाथरस

न पानी-न निकासी, न रोशनी:छह साल से ढकपुरा में ढाक के तीन पात, शहर से सटे इलाके में बुनियादी सुविधाओं का संकट – No Water, No Drainage, No Light In Dhakpura Hathras

November 26, 2026


हाथरस शहर से सटा ढकपुरा और इसके आसपास का इलाका दिसंबर 2020 में नगर पालिका के विस्तारित क्षेत्र में शामिल किया गया था। शहरी सीमा में आए करीब छह साल बीत जाने के बावजूद यहां के निवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं और पहले से भी बदतर हालात में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। विडंबना यह है कि न तो गांव में पीने का पानी आ रहा है और न ही घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी हो पा रही है। इसके अलावा ढकपुरा रोड पर स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था न होने से सूरज ढलते ही अंधेरा पसर जाता है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं।

लाखों खर्च के बाद भी 75 फीसदी आबादी प्यासी

राज्य सेक्टर की पेयजल योजना के तहत नगर पालिका परिषद ने वर्ष 2022-23 में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए 12 कार्ययोजनाएं तैयार की थीं, जिनमें वार्ड-26 के लिए तीन प्रस्ताव शामिल थे। इसके तहत ढकपुरा रोड पर 39.81 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन ढाई साल बीत जाने के बाद भी कनेक्शन अधूरे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, ठेकेदार ने घरों के बाहर पाइप निकालकर छोड़ दिए हैं। गांव के शुरुआती आठ से 10 घरों में ही बेहद कम प्रेशर से पानी आता है, जबकि उससे आगे नलों से केवल बूंद-बूंद पानी टपकता है। गांव में करीब 700 परिवार निवास करते हैं, जिनमें से लगभग 75 फीसदी घरों तक सरकारी पेयजल नहीं पहुंच रहा है।

प्रस्ताव शासन में अटका, सड़क पर भर रहा पानी

इलाके में ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। गांव के भीतर सड़क और नाली-खरंजे तो बने हैं, जिससे पानी बहकर बाहर मुख्य सड़क तक आ जाता है, लेकिन आगे जल निकासी के लिए मुख्य नाला नहीं है। सभासद पति चंदन ने बताया कि वह दो साल से मिनी नाला निर्माण के लिए नगर पालिका के चक्कर काट रहे हैं। पिछले साल तैयार हुआ प्रस्ताव पास नहीं हो सका। चार महीने पहले 700 मीटर लंबे नाले के निर्माण के लिए करीब एक करोड़ रुपये का नया प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था, लेकिन उसकी फाइल भी शासन स्तर पर अटकी हुई है। निकासी न होने से पूरे गांव का गंदा पानी आंबेडकर पार्क के सामने मुख्य सड़क और खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है। इससे न केवल सड़क टूट गई है, बल्कि प्लॉट पोखर में तब्दील हो गए हैं और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

ढकपुरा में पेयजल आपूर्ति का निकला पड़ा पाइपचार कॉलोनियों की छह हजार आबादी प्रभावित

जलभराव, पेयजल संकट और अंधेरे की इस समस्या से केवल ढकपुरा ही नहीं, बल्कि ढकपुरा रोड से सटी कल्याण गढ़ी, गणेश नगर और महेंद्र नगर के निवासी भी जूझ रहे हैं। इन चारों इलाकों में रहने वाली करीब छह हजार की आबादी सीधे तौर पर नारकीय हालात का सामना कर रही है।

बुनियादी सुविधाओं के लालेनगर पालिका में शामिल होने के बाद उम्मीद थी कि शहर जैसी सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन यहां तो बुनियादी जरूरतों के भी लाले पड़े हैं। पीने का पानी गांव में आता नहीं और गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।-हेमंत गौड़, ढकपुरा

लाखों रुपये खर्च कर पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन घरों में कनेक्शन नहीं जोड़े गए। घर के बाहर निकली पाइपों में बूंद-बूंद पानी आता है। पानी भरने के लिए आज भी सरकारी नल पर आना पड़ता है।-प्रेमवती, ढकपुरा

700 मीटर नाले के लिए करीब एक करोड़ का प्रस्ताव शासन में भेजने की जानकारी मिली है। समाधान के लिए काफी समय से प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने आश्वासन तो दिया है।-चंदन, सभासद पति, ढकपुरा

ढकपुरा में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। यदि समस्या आ रही है तो टीम को भेजकर दिखवाया जाएगा। जल निकासी के लिए जल्द ही नाले का निर्माण कराया जाएगा।-रोहित सिंह, ईओ नगर पालिका परिषद हाथरस

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X