रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊना

Una News:खड्ड गांव का खेल मैदान नशे के खिलाफ बनेगा युवाओं की ढाल – The Sports Ground In Khadd Village Will Serve As A Shield For The Youth Against Substance Abuse

November 28, 2026


ऊना। हिमाचल प्रदेश की इनामी फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी हरोली के खड्ड गांव में चल रही है। यहां 26 से 30 दिसंबर तक पंडित मोहन लाल दत्त मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का 75वां संस्करण आयोजित किया जाएगा। वर्ष 1952 से लगातार हो रही इस प्रतियोगिता के 75 वर्ष पूरे होने पर इस बार डायमंड जुबली मनाई जाएगी। प्रतियोगिता को खास बनाते हुए वरिष्ठ वर्ग की पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देना ही नहीं, बल्कि सीमावर्ती गांवों के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल को मजबूत माध्यम बनाना भी है।

‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ थीम पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग के विजेता को तीन लाख और उपविजेता को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। सीनियर वर्ग में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 21-21 हजार रुपये मिलेंगे, जबकि पांचवें, छठे, सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 5100-5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सीनियर वर्ग के सबसे बेहतरीन दो खिलाड़ियों को 11-11 हजार की इनामी राशि से नवाजा जाएगा। इसी वर्ग में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऊना जिले के 10 बेहतरीन खिलाड़ियों को एलईडी देकर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अंडर-17 वर्ग की प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। इसमें विजेता टीम को 21000 और उपविजेता को 15000 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

आयोजकों में वाईएफसी खड्ड क्लब के महासचिव अश्वनी दत्ता और ग्राम पंचायत खड्ड अपर के उपप्रधान अमित दत्ता ने बताया कि खड्ड सहित आसपास के कई गांव पंजाब की सीमा से सटे हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा तस्करों की सक्रियता के चलते युवाओं को नशे से बचाना बड़ी चुनौती है। इसी चिंता को देखते हुए क्लब ने खेल को नशे के खिलाफ अभियान का माध्यम बनाया है।

देशभर से आते हैं नामी खिलाड़ी

खास बात यह कि प्रतियोगिता में प्रदेश के अलावा पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, रेलवे, सेना व विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमें भी हिस्सा लेती हैं। प्रतियोगिता में कई विदेशी खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा से दर्शकों का खूब मनोरंजन करते हैं। यह आयोजन बिना किसी बड़ी सरकारी आर्थिक सहायता के ग्रामीणों और खेल प्रेमियों के सहयोग से किया जाता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X