फसल खरीद के लिए बनेगी जिला फसल खरीद नीति :डीसी – Harvest Available For Purchase District Harvest Purchase Policy: Dc
कैथल। डीसी अपराजिता ने कहा कि सरकार की ओर से खरीदी जाने वाली फसलों की समुचित खरीद के लिए जिला स्तर पर फसल खरीद नीति बनाई जाएगी। संबंधित एजेंसियों के अधिकारी जिले की आवश्यकताओं को देखते हुए यह नीति तैयार करेंगे, ताकि आगामी रबी सीजन के दौरान किसानों सहित खरीद से जुड़े किसी भी वर्ग को कोई परेशानी न हो।
डीसी वीरवार सुबह लघु सचिवालय स्थित काॅन्फ्रेंस रूम में खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रही थीं। इससे पूर्व मुख्य सचिव की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस संबंध में प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। अपराजिता ने कहा कि सीजन के दौरान कई ऐसे विषय सामने आते हैं, जिनके लिए आला अधिकारियों की अनुमति की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में समय रहते तैयारियां पूरी करने में कोई कमी रह जाए तो खरीद कार्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए खरीद एजेंसियों के अधिकारी जिले में फसल खरीद के संबंध में जो भी जरूरतें हैं, उनकी समय रहते योजना बनाकर उन संसाधनों को जुटाने की दिशा में काम करेंगे। सीजन से पहले ही संभावित भंडारण क्षेत्र, समय रहते खरीद के लिए आवश्यक टेंडर छोड़े जाने सहित मंडियों में जन सुविधाओं की सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
जिले में जिस भी सीजन में फसल खरीद की जानी है, उसकी संभावित मात्रा को देखते हुए बारदाने सहित अन्य सभी प्रकार की तैयारियां करते हुए पूर्व अनुमान लगाकर नीति तैयार की जाएगी, ताकि समय पर किसी तरह की परेशानी न हो। अपराजिता ने मौजूदा धान के सीजन में अब तक हुई खरीद, उठान और किसानों को किए गए भुगतान को लेकर डीएफएससी से आवश्यक जानकारी ली और निर्देश दिए कि जल्द से जल्द मंडियों से उठान प्रक्रिया पूरी की जाए। इस अवसर पर डीएफएससी वीरेंद्र सिंह, डीएम हैफेड अनूप नैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
