बघाट बैंक ऋण मामला :कांग्रेस नेता बोला, विशेष ओटीएस मिलने पर ही चुकाऊंगा लोन – Baghat Bank Loan Case: Congress Leader Says He Will Repay The Loan Only If Granted A Special Ots (one-time Settlement)
डिजिटल पर न चलाएं……………
बोला बैंक की गलती, मुझे क्यों किया जा रहा बार-बार तंग
विशेष ओटीएस के लिए मुख्यमंत्री तक जाने की बात कही
तीन लोन में देने हैं कांग्रेस नेता ने करीब तीन करोड़ रुपये
दूसरे दिन अदालत में पहुंचे 40 डिफॉल्टर, 60 हजार जमा हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बघाट बैंक ऋण मामले में पेशी के लिए पहुंचे एक कांग्रेस नेता ने दूसरे दिन अदालत में खूब हंगामा किया। अदालत में जब डिफॉल्टर नेता से पूछा गया कि वह अपना ऋण कब चुकाएंगे तो उन्होंने कहा कि जब तक बैंक उन्हें वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) का विकल्प नहीं देता, तब तक वह लोन नहीं चुकाएंगे। इस पर अदालत ने कहा कि बैंक उन्हें छह बार ओटीएस का विकल्प दे चुका है, फिर भी उन्होंने ऋण क्यों नहीं चुकाया। इस पर नेता ने विशेष ओटीएस देने की मांग की और कहा कि इसके लिए वह स्वयं मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
इस दौरान नेता ने ऋण की पूरी गलती बैंक प्रबंधकों पर डाल दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक अधिकारी उन्हें बार-बार परेशान कर रहे हैं, जबकि वे शहर के प्रतिष्ठित लोग हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बार-बार परेशान करने से क्या बैंक को ऋण की राशि वापस मिल जाएगी। कांग्रेस नेता ने बैंक से तीन अलग-अलग ऋण लिए हैं, जिनकी कुल राशि करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। इससे पहले भी जब बैंक ने उनके होटल को कब्जे में लेने की तैयारी की थी, तब उन्होंने बैंक पहुंचकर हंगामा किया था। इसके बाद बैंक होटल को कब्जे में नहीं ले पाया था।
बघाट बैंक के डिफॉल्टरों की पेशियां दूसरे दिन भी जारी रहीं। इस दौरान 75 डिफॉल्टरों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से करीब 40 पेशी पर पहुंचे। अधिकांश डिफॉल्टरों ने ओटीएस का विकल्प मिलने पर ऋण की राशि जमा करवाने की बात कही। इस पर सहायक पंजीयक सहकारी समितियां (एआरसीएस) ने उन्हें समय रहते ऋण चुकाने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सहायक पंजीयक सोलन गिरीश नड्डा ने बताया कि दो दिनों तक अदालत में डिफॉल्टरों की सुनवाई की गई। दूसरे दिन करीब 40 डिफॉल्टर पेश हुए। इनमें से अधिकांश ने ओटीएस मिलने पर भुगतान करने की बात कही है।
इनसेट
तीन डिफॉल्टरों ने जमा करवाए 60 हजार रुपये
अदालत में दूसरे दिन पहुंचे तीन डिफॉल्टरों ने कुल 60 हजार रुपये जमा करवाए। इनमें एक डिफॉल्टर ने 50 हजार रुपये, जबकि दो अन्य ने पांच-पांच हजार रुपये जमा करवाए। इन तीनों के ऋण की राशि अपेक्षाकृत कम थी, लेकिन कई वर्षों से भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसके चलते उन्हें नोटिस जारी किए गए थे।
इनसेट
81 डिफॉल्टर पेशी से रहे नदारद, गिरफ्तारी वारंट की तैयारी
दो दिनों तक चली सुनवाई के दौरान एआरसीएस की ओर से कुल 151 डिफॉल्टरों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से करीब 70 ही अदालत में पेश हुए, जबकि 81 डिफॉल्टर अनुपस्थित रहे। पेश हुए लोगों में से केवल चार ने कुल 2.20 लाख रुपये जमा करवाए। अब अनुपस्थित डिफॉल्टरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए संबंधित पुलिस अधीक्षकों को उनके नाम भेजे जाएंगे।
