ग्रामीणों को रोजगार और निवेश पर अधिक ब्याज देने का झांसा देकर करीब 200 लोगों से 90 लाख रुपये ठगने के आरोप में हरियाणा की उज्जवल धन निधि लिमिटेड कंपनी के प्रबंध निदेशक समेत पांच लोगों के खिलाफ बड्डूपुर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुर के बेहड़ा मिठवारा गांव निवासी उमाकांत वर्मा ने अदालत में अर्जी देकर बताया कि अप्रैल 2024 में कंपनी के प्रतिनिधि बड्डूपुर के डफरपुर चौराहे पर पहुंचे थे। उन्होंने खुद को भारत सरकार द्वारा संचालित कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कई प्रमाणपत्र और राजपत्र दिखाए। ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार देने का दावा भी किया गया। करीब 10 दिन बाद हुई बैठक में क्षेत्र के लोगों को एक से पांच साल तक निवेश करने पर अधिक ब्याज देने का लालच दिया गया। लोगों ने भरोसा कर कंपनी से जुड़े एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के पानीपत स्थित कॉर्पोरेट खातों में रुपये जमा कर दिए।
उमाकांत के मुताबिक, अप्रैल 2025 तक कुछ खाताधारकों को थोड़ा-थोड़ा भुगतान कर कंपनी ने विश्वास बनाए रखा, लेकिन मई 2025 से सभी का भुगतान बंद कर दिया गया। रुपये मांगने पर टालमटोल किया जाने लगा।इस मामले में कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश चौधरी व तीन निदेशकों सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है।बड्डूपुर के एसएचओ मनोज सोनकर ने बताया कि सभी के बयान दर्ज किए जाएंगे और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।