Charkhi Dadri News:अब राशन डिपो पर नहीं लगेगी लंबी लाइन, 53 राशन डिपो और खुलेंगे – No More Long Queues At Ration Depots, 53 Additional Ration Depots Will Be Opened
अब राशन डिपो पर लाभार्थियों को लंबी लाइनों में लगने से राहत मिलेगी। जिले में 53 नए राशन डिपो खोले जाएंगे। इसके लिए डिपो होल्डर के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी गई है। पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर निर्धारित की गई थी। डिपो होल्डर पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है। इन पदों पर महिलाओं के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है। वहीं, विधवा महिलाओं को वरीयता दी जाती है।
जिले में राशन डिपो की संख्या बढ़ने से पात्र परिवारों को राशन वितरण में सुविधा होगी। इससे मौजूदा डिपो पर लाभार्थियों की भीड़ कम होगी और लोगों को समय पर राशन मिल सकेगा। जिले में राशन लेने वाले परिवारों की संख्या करीब 72 हजार है। ऐसे में नए डिपो खुलने से राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
सामान्य वर्ग के लोगों को नहीं मिलता डिपो से राशन
राशन डिपो पर सामान्य वर्ग को छोड़कर अन्य श्रेणियों के पात्र परिवारों को ही राशन उपलब्ध करवाया जाता है। बीपीएल और गुलाबी कार्ड धारकों को सरकारी योजना के तहत रियायती दरों पर चीनी, गेहूं और अन्य आवश्यक सामान दिया जाता है। करीब साढ़े तीन दशक पहले तक सरकार सभी श्रेणियों के राशन कार्ड धारकों को सस्ते दामों पर चीनी, गेहूं, तेल और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करवाती थी। उस समय सहकारी समितियों के माध्यम से सामान्य वर्ग के लोगों को भी चीनी और गेहूं रियायती दरों पर मिलता था।
एपीएल कार्ड बने, लेकिन नहीं मिल रहा कोई लाभ
एक समय था जब सामान्य वर्ग सहित सभी श्रेणियों के लोगों को राशन डिपो से सस्ते दामों पर चीनी, गेहूं, तेल और स्टेशनरी आदि सामान मिलता था। अनाज और चीनी प्रति व्यक्ति के हिसाब से वितरित की जाती थी। बाद में सरकार ने यह सुविधा बंद कर दी। कुछ सालों से सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों के लिए अलग राशन कार्ड बनवाने शुरू किए। इनमें गुलाबी और बीपीएल कार्ड शामिल हैं।
जिले में राशन डिपो होल्डरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसके लिए 53 नए डिपो खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक पात्र व्यक्ति 25 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
– संजीव कुमार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक
