रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:एक झटके में उजड़ गई परिवार की खुशियां, बस की टक्कर से दो मासूम बहनों की मौत – In Begusarai, Bihar, A Speeding Bus Devastated A Family, Leaving Two Young Sisters Dead; Three Others
मुंगेर

बिहार:एक झटके में उजड़ गई परिवार की खुशियां, बस की टक्कर से दो मासूम बहनों की मौत – In Begusarai, Bihar, A Speeding Bus Devastated A Family, Leaving Two Young Sisters Dead; Three Others

November 29, 2026


बेगूसराय में एनएच-28 पर रविवार देर शाम रफ्तार का ऐसा कहर टूटा कि एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार पांच और तीन साल की दो मासूम बहनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनकी गर्भवती मां, पिता और चार वर्षीय छोटा भाई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

हृदयविदारक हादसा बछवाड़ा थाना क्षेत्र की गोविंदपुर तीन पंचायत के सुरो बनिया टोल के समीप हुआ। मृत बच्चियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा निवासी राजेंद्र महतो की पुत्रियों आम्रपाली कुमारी (5) और मानसी कुमारी (3) के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि राजेंद्र महतो अपनी पत्नी करिश्मा कुमारी और तीन छोटे बच्चों के साथ रोजगार के सिलसिले में बेगूसराय के बेगमसराय जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में उनकी बाइक बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में राजेंद्र महतो, उनकी गर्भवती पत्नी करिश्मा और चार वर्षीय पुत्र रंगबाज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद चालक फरार

दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने पीछा कर रानी चौक के समीप बस को पकड़ लिया। चालक बस छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची बछवाड़ा पुलिस ने बस जब्त कर ली और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में ले लिया।

ये भी पढ़ें- बिहार: ‘अब परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं’, पवन सिंह के भावुक पोस्ट ने मचाई हलचल; जानें और क्या कहा?

जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि एनएच-28 पर जगह-जगह बने गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। इसके बावजूद एनएचएआई सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर सड़क की बदहाली और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी कौन लेगा?

बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस जब्त कर ली गई है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। एक परिवार अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, तो दो मासूम बच्चियों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X