बिहार:तीन घंटे की मेहनत, पीपल के पत्ते पर उकेरी सीएम सम्राट की तस्वीर, मधुरेंद्र ने जन्मदिन पर दिया तोहफा – Three Hours Of Hard Work, One Peepal Leaf And A Portrait
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 58वें जन्मदिन पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कलाकारी के जरिए उन्हें खास अंदाज में बधाई दी। सोमवार को उन्होंने पीपल के एक हरे पत्ते पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बेहद सूक्ष्म तस्वीर उकेरकर जन्मदिन का अनोखा तोहफा तैयार किया। प्राकृतिक पत्ते पर बनी इस कलाकृति की खासियत इसकी बारीकी और आकर्षक प्रस्तुति है।
मधुरेंद्र कुमार ने करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद चाकू की नुकीली धार से पीपल के नाजुक पत्ते पर मुख्यमंत्री का चित्र तैयार किया। इसके साथ ही पत्ते पर अंग्रेजी में ‘HAPPY BIRTHDAY SAMRAT CHOUDHARY, CM BIHAR’ भी लिखा। इतने छोटे और नाजुक माध्यम पर किसी व्यक्ति की तस्वीर उकेरना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए धैर्य, एकाग्रता और हाथों पर बेहतर नियंत्रण की जरूरत होती है।
पढ़ें: चिराग पासवान ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं, यूपी चुनाव में एलजेपी की भूमिका को लेकर कही ये बात
मधुरेंद्र ने इस कलाकृति के माध्यम से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुए और विकसित बिहार का सपना साकार हो, यही उनकी कामना है।
छठ पर भी बनाई थी अनूठी कलाकृति
गौरतलब है कि छठ महापर्व के अवसर पर भी मधुरेंद्र ने महज दो सेंटीमीटर के पीपल के पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते छठव्रतियों की तस्वीर बनाई थी। इसके अलावा अयोध्या दीपोत्सव 2026 में 58 फीट लंबी राम दरबार और राम मंदिर की रेत कलाकृति तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था।
रेत, मिट्टी और प्राकृतिक पत्तों को कला का माध्यम बनाकर मधुरेंद्र लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय संदेशों को अपनी कलाकृतियों के जरिए प्रस्तुत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर बनाई गई यह कलाकृति भी उनकी अनूठी कला और रचनात्मकता का उदाहरण बनी है।
