बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार :300 मीटर के दायरे में कहां दो बड़े ज्वेलर्स आए निशाने पर? छह साल के अंतराल पर 12 करोड़ की लूट – Bihar Police Investigation On Darbhanga Jewellery Showroom Loot Bihar News
दरभंगा

बिहार :300 मीटर के दायरे में कहां दो बड़े ज्वेलर्स आए निशाने पर? छह साल के अंतराल पर 12 करोड़ की लूट – Bihar Police Investigation On Darbhanga Jewellery Showroom Loot Bihar News

November 18, 2026


bihar police investigation on darbhanga jewellery showroom loot bihar news

फाइल फोटो : पिस्टल लहराते भागता अपराधी

विस्तार

दरभंगा जिले के नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में पिछले छह साल में दो बड़े ज्वेलर्स की दुकानों में अपराधियों ने बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। पहली घटना 9 दिसंबर 2020 की है, जिसमें अलंकार ज्वेलर्स की दुकान से बंदूक की नोक पर छह अपराधियों ने करीब 10 करोड़ रुपये के 14 किलो आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने सात से ज्यादा अपराधियों को समस्तीपुर, हाजीपुर सहित कई जिलों से गिरफ्तार भी किया था। पुलिस ने बाद में कुछ सोने की बरामदगी भी की थी।

दूसरी घटना छह साल बाद 3 अप्रैल 2026 को हुई। पहली लूट के शिकार हुए ज्वेलर्स की दुकान से करीब 200 से 300 मीटर की दूरी पर स्थित प्रेम ज्वेलर्स की दुकान से करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण सहित 25 लाख रुपये नकद बंदूक की नोक पर लूटकर नकाबपोश अपराधी फरार हो गए। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने कई अपराधियों को गिरफ्तार किया था।

घटना के बाद जागी पुलिस ने क्या किया?

घटना के बाद बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हुई लूट के मामले में पुलिस और एसटीएफ (STF) ने बड़ी कार्रवाई की थी। इसमें मुख्य आरोपी नीतेश कुमार सिंह उर्फ लालू सिंह सहित अब तक 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम ने समस्तीपुर के विद्यापति नगर स्थित अराध्या ज्वेलर्स में छापेमारी कर 2160 ग्राम चांदी के आभूषण और करीब 40-45 लाख रुपये की लूटी गई संपत्ति बरामद की थी। इसमें दुकान के संचालक विकास कुमार सोनी को भी गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में मास्टरमाइंड विशाल महासेठ का नाम भी सामने आया था।

छह साल बाद भी कुछ अपराधियों की खोज चल रही

9 दिसंबर 2020 को अलंकार ज्वेलर्स में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसमें करीब 11.50 किलो सोना और हीरे सहित ढाई लाख रुपये लूट लिए गए थे। इस कांड में शामिल कई अपराधियों को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया था। इस कांड के मुख्य आरोपी रविंद्र सहनी, अभिषेक कुमार यादव और मनोज कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया गया था। तीनों अपराधियों ने नगर थाना क्षेत्र के अलंकार ज्वेलर्स में हुई लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी।

बाद में दरभंगा पुलिस ने कई जिलों से करीब आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि मामले में कई अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, इस मामले में अभी कई अन्य अपराधियों को ट्रेस करने में पुलिस लगी है। कुछ ज्वेलरी की बरामदगी भी हुई थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X