रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:तीन साल बाद पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचकर भावुक हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, मां की प्रतिमा को किया नमन – Rjd Supremo Lalu Prasad Became Emotional Upon Reaching His Ancestral Village After Three Years Gopalganj
सारण

बिहार:तीन साल बाद पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचकर भावुक हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, मां की प्रतिमा को किया नमन – Rjd Supremo Lalu Prasad Became Emotional Upon Reaching His Ancestral Village After Three Years Gopalganj

November 21, 2026


बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का गोपालगंज दौरा धार्मिक आस्था, पारिवारिक अपनापन और पुरानी यादों से जुड़ा रहा। उनके साथ पत्नी राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। परिवार ने थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पैतृक गांव फुलवरिया का रुख किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लालू यादव ने अपनी मां की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी और भाभी से मुलाकात के वक्त भावुक नजर आए। वहीं, रोहिणी आचार्य ने ननिहाल में बच्चियों से बातचीत कर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।

थावे दुर्गा मंदिर में पूजा, बिहार की खुशहाली की कामना

लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य ने गोपालगंज दौरे की शुरुआत प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना से की। परिवार ने विधिवत पूजा कर बिहार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उनका काफिला सेलार कला होते हुए फुलवरिया के लिए रवाना हुआ।

ननिहाल में रोहिणी ने बच्चियों को दिया शिक्षा का संदेश

रोहिणी आचार्य अपने ननिहाल सेलार कला पहुंचीं तो काफी प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने गांव की गलियों में घूमकर स्थानीय महिलाओं से मुलाकात की। इसी दौरान छतों पर खड़ी कुछ बच्चियों को देखकर उन्होंने उन्हें नीचे बुलाया और पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा। रोहिणी ने बच्चियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का असली अमृत है और इसके बिना प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने बच्चियों को मन लगाकर पढ़ने और आगे बढ़ने का संदेश दिया।

राबड़ी देवी बालिका विद्यालय पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री

रोहिणी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गांव के पास स्थित राबड़ी देवी बालिका उच्च विद्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने छात्राओं से मुलाकात की और पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने भी उनसे बातचीत की। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी की सोच के कारण ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को अपने घर के पास उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। विद्यालय भ्रमण के बाद लालू यादव ने स्थानीय राधे-कृष्ण मंदिर में पूजा की। इसके बाद पूरा परिवार फुलवरिया पहुंचा।

पंच मंदिर में पूजा, मां मरछिया देवी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचने पर लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य ने ऐतिहासिक पंच मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान पुजारी परमहंस यादव भी मौजूद रहे। गांव में अपने नेताओं को एक साथ देखकर ग्रामीणों में उत्साह दिखा। लोग उनकी एक झलक पाने के लिए जुटे रहे, जबकि कई युवा मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। इसके बाद परिवार अपने पुश्तैनी आवास के समीप जन्मभूमि पहुंचा। यहां लालू यादव ने अपनी मां स्वर्गीय मरछिया देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

भाभी कुंती देवी से मिलकर भावुक हुए लालू यादव

दौरे का एक भावुक पल उस समय सामने आया, जब लालू यादव के बड़े भाई स्वर्गीय गुलाब यादव की पत्नी कुंती देवी उनसे मिलने पहुंचीं। अस्वस्थ होने के बावजूद लालू यादव ने ग्रामीणों और परिजनों से मुलाकात की। भाभी को सामने देखकर वह भावुक हो गए और भोजपुरी में उनका हालचाल पूछा।

उन्होंने कहा, “भाभी, अब तबीयत ठीक नईखे रहत, आपन ख्याल रखिहलो।” देवर के इन स्नेहभरे शब्दों को सुनकर कुंती देवी की आंखें भी नम हो गईं। परिवार के बीच यह मुलाकात दौरे का खास भावनात्मक क्षण बन गई।

पारिवारिक समारोह में भी शामिल हुआ परिवार

इससे पहले गुरुवार देर शाम लालू यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य उचकागांव प्रखंड के बरगछिया गांव पहुंचे थे। यहां करीबी रिश्तेदार सुभाष चंद्र यादव के घर आयोजित पारिवारिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X