रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:फ्लैट की रजिस्ट्री के बाद भी बिल्डर जिम्मेदार, धोखाधड़ी पर 9% ब्याज समेत लौटानी होगी रकम: हाईकोर्ट – Patna High Court Builder Buyer Consumer Rights Flat Fraud Refund 9 Percent Interest
पटना

बिहार:फ्लैट की रजिस्ट्री के बाद भी बिल्डर जिम्मेदार, धोखाधड़ी पर 9% ब्याज समेत लौटानी होगी रकम: हाईकोर्ट – Patna High Court Builder Buyer Consumer Rights Flat Fraud Refund 9 Percent Interest

November 27, 2026


फ्लैट की रजिस्ट्री करा देने मात्र से बिल्डर और खरीदार के बीच उपभोक्ता संबंध समाप्त नहीं हो जाता। यदि बिल्डर खरीदार को संपत्ति का शांतिपूर्ण और निर्विवाद कब्जा देने में विफल रहता है तो इसे सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार माना जाएगा। पटना हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में यह टिप्पणी करते हुए बिल्डर को खरीदारों की पूरी रकम नौ प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ तीन महीने के भीतर लौटाने का निर्देश दिया है।

न्यायमूर्ति आलोक कुमार की एकलपीठ ने डॉ. अभय कुमार और डॉ. अमृता प्रवी की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। अदालत ने राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (एनसीडीआरसी) के 31 जनवरी 2024 के आदेश को रद्द कर दिया। आयोग ने पहले खरीदारों की शिकायत और अपील को सुनवाई योग्य नहीं मानते हुए खारिज कर दिया था।

एक ही फ्लैट का दो लोगों से सौदा, खरीदारों से छिपाई गई जानकारी

मामले के अनुसार, याचिकाकर्ताओं ने 3 अक्टूबर 2012 को पटना के कंकड़बाग स्थित वृंदावन अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 501-ए खरीदा था। इसके लिए उन्होंने बैंक से 28.40 लाख रुपये का ऋण लेकर बिल्डर को भुगतान किया था। बाद में उन्हें पता चला कि बिल्डर इस फ्लैट के संबंध में 5 मार्च 2011 को ही अंजनी कुमार सिन्हा के साथ बिक्री का एकरारनामा कर चुका था।

बिल्डर ने पहले हुए इस समझौते की जानकारी छिपाकर वही फ्लैट दूसरे खरीदारों को बेच दिया। इसके कारण याचिकाकर्ताओं को आज तक संपत्ति का शांतिपूर्ण और निर्विवाद कब्जा नहीं मिल सका। हाईकोर्ट ने माना कि एक ही फ्लैट के संबंध में पहले किसी अन्य व्यक्ति से एकरारनामा करना और फिर तथ्य छिपाकर दूसरे खरीदार के नाम बिक्री विलेख निष्पादित करना सेवा में गंभीर कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार है।

रजिस्ट्री के बाद भी मुआवजा मांगने का अधिकार बरकरार

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट के आरिफुर रहमान खान और टीकेए पद्मनाभन मामलों में दिए गए निर्णयों का भी उल्लेख किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि फ्लैट की रजिस्ट्री हो जाने या बाद में कब्जा मिल जाने से भी खरीदार का मुआवजा मांगने का अधिकार समाप्त नहीं होता। खरीदारों को अपने कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए अनिश्चितकाल तक रजिस्ट्री टालने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। समय पर संपत्ति का निर्विवाद कब्जा नहीं देना भी अनुचित व्यापार व्यवहार के दायरे में आता है।

तीन महीने में रकम लौटाने का आदेश, बैंक का ऋण चुकाएंगे खरीदार

अदालत ने बिल्डर को पूरी बिक्री राशि नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ तीन महीने के भीतर लौटाने का निर्देश दिया है। खरीदारों को इस राशि से संबंधित बैंक का बकाया ऋण चुकाना होगा। रकम वापस मिलने के बाद फ्लैट पर खरीदारों का अधिकार समाप्त हो जाएगा। इसके बाद बिल्डर कानून के अनुसार सक्षम न्यायालय में बिक्री विलेख रद्द कराने की कार्रवाई कर सकेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X