रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बैलाडीला:आरक्षित वन में मलबा फैलाने पर एनएमडीसी महाप्रबंधक पर वन अपराध दर्ज – Bailadila Forest Offence Registered Against Nmdc General Manager For Spreading Debris In Reserved Forest
रायपुर

बैलाडीला:आरक्षित वन में मलबा फैलाने पर एनएमडीसी महाप्रबंधक पर वन अपराध दर्ज – Bailadila Forest Offence Registered Against Nmdc General Manager For Spreading Debris In Reserved Forest

November 28, 2026


Bailadila Forest offence registered against NMDC General Manager for spreading debris in reserved forest

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : गांव में लगा बोर्ड

विस्तार

दंतेवाड़ा जिले में वन विभाग ने बैलाडीला की पहाड़ियों पर स्थित डिपॉजिट-14 से एनएमडीसी का लौह अपशिष्ट बहकर आरक्षित वन क्षेत्र में फैलने पर महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। शुरुआती आकलन के आधार पर एनएमडीसी पर छह से सात करोड़ रुपये तक जुर्माना लगने की संभावना है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11सी में तीन हेक्टेयर जंगल को हुए नुकसान के एवज में 10 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए भी वन विभाग नोटिस जारी कर रहा है।

वन क्षेत्र में फैला मलबे का दायरा

डिपॉजिट-14 में पुराने लौह अपशिष्ट के ढेर से बह रहा मलबा आरक्षित वन क्षेत्र और प्राकृतिक जल स्रोतों को लगातार प्रभावित कर रहा है। शुरुआत में करीब 500 मीटर तक फैला यह मलबा अब बढ़कर लगभग तीन किलोमीटर दूरी तक पहुंच चुका है। कई स्थानों पर मलबे की चौड़ाई 150 मीटर तक दर्ज की गई है। इस बहाव की चपेट में छोटे पौधों से लेकर 100 फीट तक ऊंचे बड़े पेड़ आ चुके हैं। वन अधिकारियों को आशंका है कि इस बार 4 अगस्त 2024 को डिपॉजिट-11सी में हुई घटना की तुलना में वन संपदा को 10 गुना अधिक नुकसान हुआ है।

सुरक्षा उपायों और मलबे की जांच

वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11सी में हुए नुकसान के एवज में तय 10 करोड़ रुपये की राशि एनएमडीसी ने अब तक जमा नहीं की है। डीएफओ रंगनाथ रामकृष्ण वाय इसकी वसूली के लिए नोटिस जारी कर रहे हैं। वन विभाग जांच करेगा कि पिछली घटना के बाद एनएमडीसी ने मलबे का बहाव रोकने और वेस्ट डंप को स्थिर रखने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए थे या नहीं। प्रभावित जंगल से लौह अपशिष्ट हटाना फिलहाल संभव नहीं माना जा रहा है। इसलिए वन विभाग आसपास के जंगलों और नजदीकी भूखंडों की वन संपदा के आधार पर नुकसान का आकलन करेगा। विभाग माइनिंग प्लान के अनुसार वेस्ट डंपिंग, मिट्टी का कटाव रोकने के इंतजामों और सुरक्षा उपायों की जांच करेगा।

कानूनी कार्रवाई और प्रबंधन का पक्ष

डिपॉजिट-14 के मामले में वन अधिनियम की धारा 26(1)(फ) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों को काटने, गिराने, जलाने या किसी अन्य तरीके से नुकसान पहुंचाने पर छह महीने तक के कारावास या जुर्माना अथवा दोनों की सजा का प्रावधान है। इसके अलावा वन संपदा के नुकसान की भरपाई भी करनी होगी। आकलन के बाद अंतिम राशि तय होगी। दूसरी ओर एनएमडीसी प्रबंधन का कहना है कि वर्ष 2024 की घटना की वजह भीषण बाढ़ थी। तीन महीने पहले नोटिस मिलने के बाद विभाग से पत्राचार जारी है और प्रबंधन मामले का समाधान करने में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X