शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भिंड:21 साल से फरार गांजा तस्कर बाबा बनकर आश्रम में छिपा, भंडारे के बीच पुलिस ने दबोचा – A Cannabis Smuggler On The Run For 21 Years Had Been Hiding In An Ashram Disguised As A Baba
भिंड

भिंड:21 साल से फरार गांजा तस्कर बाबा बनकर आश्रम में छिपा, भंडारे के बीच पुलिस ने दबोचा – A Cannabis Smuggler On The Run For 21 Years Had Been Hiding In An Ashram Disguised As A Baba

November 3, 2026


A cannabis smuggler on the run for 21 years had been hiding in an ashram disguised as a baba

21 साल से फरार गांजा तस्कर बाबा बनकर आश्रम में छिपा था

विस्तार

गांजा तस्करी के मामले में पिछले 21 साल से फरार आरोपी पुलिस से बचने के लिए बाबा बनकर आश्रम में रह रहा था। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर गुना जिले के आरोन क्षेत्र के गांव नोहर स्थित एक आश्रम में ठिकाना बना लिया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यदेव उर्फ सर्वेश उर्फ बजरंगदास बाबा के रूप में हुई है। वह भिंड जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के गांव बिरखड़ी का रहने वाला है।

मेहगांव पुलिस ने 26 अगस्त 2002 को आरोपी को गोरमी तिराहे से गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी न्यायालय में सुनवाई के दौरान फरार हो गया। इसके बाद वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने पर न्यायालय ने 7 जून 2005 को उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी कर दिया था। स्थायी वारंट जारी होने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन आरोपी लगातार अपनी पहचान और ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।

पढे़ं: बीना-भोपाल रूट पर रेलवे ने बदला सिग्नल सिस्टम: एक के पीछे एक दौड़ेंगी ज्यादा ट्रेनें, जानिए क्या होगा फायदा

लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। तकनीकी मदद से पता चला कि आरोपी गुना जिले के आरोन क्षेत्र के गांव नोहर स्थित एक आश्रम में रह रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद 2 नवंबर को मेहगांव पुलिस की टीम बजरंगगढ़ थाना पुलिस की मदद से आश्रम पहुंची।

उस समय आश्रम में भंडारा चल रहा था और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दी, जिससे गिरफ्तारी के दौरान स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। आश्रम में मौजूद लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जल्दबाजी नहीं की। टीम ने धैर्य बनाए रखा और स्थिति को संभालते हुए सही मौके का इंतजार किया।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्यदेव उर्फ सर्वेश उर्फ बजरंगदास बाबा को गिरफ्तार कर लिया। 21 साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। आरोपी के खिलाफ गांजा तस्करी के मामले में आगे की न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। 21 साल पुराने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बाबा बनकर आश्रम में रह रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X