मार्केट से पीतांबरी खरीदने की नहीं जरूरत, मिट्टी के दीये से तैयार करें बर्तन चमकाने वाला पाउडर
Last Updated:
Homemade Pitambari: यदि आपके पास मिट्टी के पुराने दीये रखे हुए हैं, तो इससे आप अपने बर्तनों को चमका सकते हैं. सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन इसे इस्तेमाल का तरीका बहुत ही सिंपल है. लेकिन सबसे पहले आपको इसका पाउडर तैयार करना होगा. इस लेख में जानिए दीये से बर्तन चमकाने वाले पाउडर बनाने का तरीका.
Homemade Pitambari: ज्यादातर लोग पुराने मिट्टी के दीये को बेकार समझकर फेंक देते हैं. जबकि ये घर को सजाने से लेकर बर्तन को चमकाने तक में इस्तेमाल हो सकते हैं. जी हां, इनकी मदद से आप घर पर पीतांबरी जैसा सफाई पाउडर तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको बाजार से महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद कुछ आम चीजों की मदद से ये पाउडर बनाया जा सकता है. खास बात ये है कि इसे तैयार करने का तरीका भी बेहद आसान है. चलिए इस लेख में आगे इसे डिटेल में जानते हैं.
पीतांबरी पाउडर बनाने का तरीका
सामग्री
पुराने मिट्टी के दीये
आधा छोटा चम्मच नमक
आधा छोटा चम्मच डिटर्जेंट पाउडर
एक बारीक छलनी
विधि
सबसे पहले दीयों को साफ करें- सबसे पहले घर में रखे पुराने मिट्टी के दीये इकट्ठा कर लें. ध्यान रखें कि उनमें तेल, कालिख या दूसरी गंदगी न लगी हो. दीयों को अच्छी तरह साफ करके पूरी तरह सूखने दें.
दीयों को पीसकर पाउडर बनाएं- जब दीये अच्छी तरह सूख जाएं, तो उन्हें सावधानी से कूटकर बारीक पाउडर बना लें. इस दौरान ध्यान रखें कि मिट्टी के टुकड़े इधर-उधर न उड़ें और आंखों या सांस के जरिए शरीर में न जाएं.
पाउडर को छान लें- अब तैयार मिट्टी के पाउडर को छलनी से छान लें. इससे मिट्टी के बड़े और मोटे टुकड़े अलग हो जाएंगे और आपको बारीक पाउडर मिल जाएगा.
नमक और डिटर्जेंट मिलाएं- अब इस बारीक पाउडर में आधा छोटा चम्मच नमक और आधा छोटा चम्मच डिटर्जेंट पाउडर डालें. दोनों चीजों को अच्छी तरह मिला लें. इस तरह आपका घर पर तैयार किया गया पीतांबरी जैसा पाउडर बनकर तैयार हो जाएगा.
इन बातों का रखें ध्यान
मिट्टी के बारीक कण कुछ धातुओं पर खरोंच डाल सकते हैं. इसलिए बर्तनों को इससे जोर लगाकर न रगड़ें. महंगे, डिजाइन वाले और कलई किए हुए बर्तनों पर इसका इस्तेमाल न करें. सबसे पहले किसी पुराने और कम इस्तेमाल होने वाले बर्तन के छोटे हिस्से पर इसका टेस्ट करें. सफाई के बाद बर्तन को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और सूखे कपड़े से पोंछ दें. पाउडर बनाते और इस्तेमाल करते समय हाथों और आंखों की सुरक्षा का ध्यान रखें.

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें
