बिजनौर के नजीबाबाद स्थित नवाब नजीबुद्दौला मकबरा परिसर के एक कमरे में 30 वर्षीय युवक अंकुर का शव मिला। सुबह उसके दोस्त मुदस्सिर उर्फ हनी ने मकबरे के बाहर मौजूद कारोबारियों को कमरे में अंकुर के मृत पड़े होने की जानकारी दी। कारोबारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। अंकुर के परिजनों ने हनी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मकबरा परिसर के कमरे में मिला शव
मोहल्ला रम्पुरा निवासी मनोहर लाल वाल्मीकि के बेटे अंकुर का शव मकबरा परिसर में बने कमरे में मिला। मोहल्ला मुगलूशाह निवासी मुदस्सिर उर्फ हनी को मकबरा मस्जिद का मुतवल्ली बताया गया है। वह मजारों पर चढ़ने वाली चादर आदि इकट्ठा करता है। उसे परिसर में ही एक कमरा दिया गया था।
बताया गया कि अंकुर अक्सर हनी के साथ इस कमरे में बैठता था। मंगलवार सुबह हनी ने मकबरे के बाहर मौजूद कारोबारियों को बताया कि उसने कमरे का ताला खोला तो अंदर अंकुर मृत पड़ा मिला।