Bijnor News:मां-बेटी की मौत के बाद छह घंटे हाईवे जाम करने पर 60 के खिलाफ प्राथमिकी – Fir Registered Against 60 People For Blocking A Highway For Six Hours Following The Deaths Of A Mother And Daughter
– गन्ने से लदे ट्रक की टक्कर से गई थी दोनों की जान, मुआवजे की मांग को लेकर किया था प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कलां। चांदपुर-जलीलपुर मार्ग पर अकबरपुर सीमली गांव के पास मंगलवार को गन्ने से लदे ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के कारण मां-बेटी की मौत हो गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव गांव अकबरपुर झोझा के सामने बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब छह घंटे तक जाम लगाया था। इस मामले में पुलिस ने 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव अकबरपुर झोझा निवासी ओमपाल सिंह की माता का कुछ माह पहले निधन हो गया था। सोमवार को वह परिवार के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से नानौर गंगा घाट पर दीपदान करने गए थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे परिवार लौट रहा था। अकबरपुर सीमली गांव के पास पीछे से आए गन्ने से लदे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में विमलेश देवी (35) पत्नी निलेश कुमार और उनकी आठ वर्षीय बेटी निधि की मौत हो गई थी। जबकि परिवार के अन्य छह लोग घायल हो गए थे। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को मृतकों के शव गांव अकबरपुर झोझा के सामने बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने धामपुर शुगर मिल से मुआवजे की मांग की।
इस दौरान करीब छह घंटे तक हाईवे जाम रहा। थाना चांदपुर में तैनात उप निरीक्षक रोबिन कौशिक ने तहरीर में बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। जाम के कारण हाईवे पर भारी और यात्री वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एंबुलेंस और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीओ देशदीपक ने बताया कि जाम लगाने के मामले में 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
