मदनलाल जलालपुर की कांग्रेस में वापसी:प्रदेश प्रधान परगट सिंह ने रद्द किया निलंबन, अगस्त में हुए थे सस्पेंड – Punjab Congress President Pargat Singh Revoked Suspension Of Former Ghanaur Mla Madan Lal Jalalpur
पंजाब कांग्रेस ने घनौर के पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर का निलंबन रद्द कर दिया है। पार्टी के इस फैसले को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नाराज नेताओं को साथ जोड़ने और संगठन के भीतर गुटबाजी कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अगस्त में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के कार्यकाल में जलालपुर को पार्टी से निलंबित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक जलालपुर और उनके बेटे गगनदीप ने हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह से मुलाकात की थी। इस दौरान परगट सिंह ने उनका निलंबन रद्द कराने का आश्वासन दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, जिन्होंने पहले भी जलालपुर का समर्थन किया था, की भूमिका भी निलंबन वापस कराने में अहम मानी जा रही है। चन्नी रविवार को पटियाला में जलालपुर के घर भी पहुंचे थे।
जलालपुर का निलंबन रद्द होना केवल अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने तक सीमित नहीं है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में नेताओं के बीच चल रही खींचतान, नाराजगी और गुटबाजी को कम करने के प्रयासों के बीच यह फैसला अहम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व अब ऐसे नेताओं को फिर साथ लाने की कोशिश में है, जिनकी नाराजगी चुनावी नुकसान का कारण बन सकती है।
पूर्व विधायक हरदयाल कंबोज के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के बाद जलालपुर ने भी पार्टी के भीतर अपनी राजनीतिक ताकत दिखानी शुरू कर दी थी। उन्होंने हाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि संगठन वड़िंग के करीबी लोगों के प्रभाव में चल रहा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि पार्टी ने हरदयाल कंबोज को रोकने के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किए। इसके अलावा पटियाला नगर निगम चुनाव की रणनीति में पटियाला संसदीय क्षेत्र के नेताओं से सलाह नहीं लेने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई थी।
जलालपुर का निलंबन रद्द होने से पटियाला जिले में कांग्रेस के भीतर राजनीतिक समीकरणों को नए सिरे से साधने की कोशिश शुरू हो सकती है। अब देखना होगा कि पार्टी में वापसी के बाद जलालपुर की भूमिका क्या रहती है और क्या यह फैसला पटियाला में कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को कम करने में मददगार साबित होता है।
