मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर फोन पर तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने और इसका वीडियो व्हाट्सएप पर भेजने का आरोप लगाया है। महिला ने पति पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
फोन पर तीन बार तलाक बोलने का आरोप
शौकत कॉलोनी की बरकत वाली गली निवासी सोनी ने शनिवार को लिसाड़ी गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला के अनुसार, छह नवंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे उसके पति सलीम ने मोबाइल पर फोन किया। बातचीत के दौरान पति ने कहा कि वह उसके साथ नहीं रह सकता। इसके बाद उसने उसे अपनी जिंदगी से आजाद करने की बात कहते हुए तीन बार तलाक बोला।