शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मैहर:11 माह बाद खुला 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या का राज, बड़ी बहन का प्रेमी निकला कातिल – Police Have Cracked An 11-month-old ‘blind’ Murder Case; The Perpetrator Turned Out To Be The Boyfriend
मैहर

मैहर:11 माह बाद खुला 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या का राज, बड़ी बहन का प्रेमी निकला कातिल – Police Have Cracked An 11-month-old ‘blind’ Murder Case; The Perpetrator Turned Out To Be The Boyfriend

November 3, 2026


मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में करीब 11 माह पहले हुई 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में 21 वर्षीय युवक शीतल केवट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मृतका की बड़ी बहन के साथ प्रेम संबंध थे। घटना वाली रात मृतका ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस बात की जानकारी परिजनों को मिलने के डर से आरोपी ने नाबालिग की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी लगातार पुलिस और परिजनों को गुमराह करता रहा।

भैंस चराने जंगल गई थी नाबालिग, फिर नहीं लौटी घर

पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को फरियादी ने थाना ताला पहुंचकर अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 17 जनवरी को वह अपनी पत्नी के साथ दवाई कराने मुकुंदपुर अस्पताल गए थे। घर से निकलते समय उन्होंने अपनी बेटी को भैंस चराने के लिए पपरा पहाड़ जंगल की ओर भेजा था।

शाम करीब 5 बजे जब दंपती घर लौटे तो पता चला कि उनकी बेटी सुबह करीब 10 बजे भैंस चराने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जंगल, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद थाना ताला में अपराध क्रमांक 14/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

25 जनवरी को जंगल में मिला था नाबालिग का शव

लापता नाबालिग की तलाश के दौरान 25 जनवरी 2026 को उसका शव पपरा पहाड़ जंगल में मिला। शव मिलने के बाद थाना रामनगर में मर्ग क्रमांक 06/26 के तहत मामला दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई की गई। शव का पोस्टमार्टम एसजीएमएच रीवा में कराया गया।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को मृतका के सिर के पीछे खून लगा पत्थर, चेहरे के सामने बाएं हाथ के पास खून से सना एक अन्य पत्थर और आसपास के पत्थरों पर खून के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की खोपड़ी में फ्रैक्चर होने और किसी कठोर एवं भारी वस्तु से सिर पर चोट पहुंचने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस बढ़ाकर मामले की जांच तेज कर दी।

पढे़ं: बीना-भोपाल रूट पर रेलवे ने बदला सिग्नल सिस्टम: एक के पीछे एक दौड़ेंगी ज्यादा ट्रेनें, जानिए क्या होगा फायदा

बड़ी बहन के प्रेम संबंध बने हत्या की वजह

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ताला पुलिस और साइबर सेल मैहर की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शीतल केवट पिता सहादेव केवट, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बेलकशरी, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी को 2 नवंबर 2026 को ग्राम कंदेहली में पूछताछ के लिए बुलाया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि उसका ग्राम कंदेहली आना-जाना था। इसी दौरान उसके मृतका की बड़ी बहन के साथ प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे। दोनों मोबाइल फोन पर बातचीत भी करते थे।

आरोपी के अनुसार, 16 जनवरी 2026 की रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने ग्राम कंदेहली पहुंचा था। इसी दौरान मृतका ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसे डर था कि नाबालिग यह बात अपने परिजनों को बता देगी। इसी डर से उसने उसकी हत्या करने की योजना बनाई।

बाल पकड़कर जमीन पर पटका, फिर पत्थर से सिर पर किए वार

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि 17 जनवरी को मृतका के माता-पिता को दवाई कराने मुकुंदपुर छोड़ने के बाद वह नाबालिग के पीछे पपरा पहाड़ जंगल पहुंचा। वहां उसने मृतका से घटना की जानकारी किसी को नहीं देने के लिए कहा। जब मृतका ने उसकी बात नहीं मानी तो आरोपी ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और पत्थर से सिर पर कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर को तेंदू के पेड़ के पास छिपा दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पत्थर और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसे साथ लेकर पपरा जंगल में घटनास्थल पर पहुंचकर तलाशी ली। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर और पीस कंपनी का एक मोबाइल फोन विधिवत जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी शीतल केवट पिता सहादेव केवट, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बेलकशरी, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X