Ludhiana News:बैडमिंटन मुकाबलों में जालंधर की खिलाड़ियों का रहा दबदबा – Players From Jalandhar Dominated The Badminton Matches
खेड़ा वतन पंजाब दीयां के तहत राज्य स्तरीय मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
बरनाला। खेडां वतन पंजाब दीयां 2026 के तहत लड़कियों के राज्य स्तरीय बैडमिंटन मुकाबले एलबीएस कॉलेज बरनाला में संपन्न हो गए। 17 नवंबर से शुरू हुए इन मुकाबलों में जालंधर की खिलाड़ियों का दबदबा रहा। पंजाब के लगभग सभी जिलों की खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विभिन्न आयु वर्गों के परिणामों में जालंधर ने शानदार प्रदर्शन किया। जालंधर ने अंडर-17, अंडर-21 और 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 वर्ग में होशियारपुर दूसरे और गुरदासपुर तथा पटियाला संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-21 वर्ग में फाजिल्का दूसरे स्थान पर रहा, जबकि संगरूर और होशियारपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग में मोहाली दूसरे और एसबीएस नगर तथा फतेहगढ़ साहिब संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 वर्ग में मोगा ने पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा किया, जबकि अमृतसर और फाजिल्का संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
समापन समारोह में एलबीएस कॉलेज की प्रिंसिपल सुशील बाला उपस्थित रहीं। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं। ये उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत भी बनाते हैं।
