राजस्थान:केकड़ी को फिर जिला बनाने की मांग पर 23वें महीने भी विरोध, बार एसोसिएशन ने मनाया ब्लैक डे – Advocates In Kekri Observed Their 23rd ‘black Day’ In Protest Against The Removal Of The District Status
केकड़ी को फिर से जिला बनाने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन का ब्लैक डे आंदोलन जारी है। शनिवार को बार एसोसिएशन के सचिव समकित जैन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं और न्यायिक परिवार के सदस्यों ने न्यायालय परिसर स्थित धरना स्थल पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से केकड़ी का जिला दर्जा समाप्त किए जाने के फैसले के विरोध में 23वां ब्लैक डे मनाया गया।
हर महीने की 28 तारीख को मनाते हैं ब्लैक डे
गौरतलब है कि 13 मार्च 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रदेश में 17 नए जिलों की घोषणा की थी। इनमें केकड़ी को भी जिला बनाया गया था। हालांकि, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 28 दिसंबर 2024 को केकड़ी का जिला दर्जा समाप्त कर दिया गया। इसके बाद से बार एसोसिएशन हर महीने की 28 तारीख को ब्लैक डे मनाकर सरकार के फैसले का विरोध कर रहा है। इस दौरान अधिवक्ता धरना-प्रदर्शन करते हैं और केकड़ी को दोबारा जिला बनाने की मांग को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हैं।
जिला बहाली तक जारी रहेगा आंदोलन
शनिवार को धरनास्थल पर आयोजित सभा में अधिवक्ताओं ने कहा कि केकड़ी को दोबारा जिला घोषित किए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि केकड़ी का जिला दर्जा केवल प्रशासनिक पहचान का विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के विकास, आमजन की सुविधा और भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए इस मांग को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि जिला बनने के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं और विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई थीं। जिला दर्जा समाप्त होने से आमजन को फिर से अपने काम के लिए दूर स्थित अजमेर जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे में जिला बहाली की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केकड़ी को दोबारा जिला बनाए जाने तक आंदोलन कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा। साथ ही आंदोलन को और व्यापक बनाकर आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सभा को वरिष्ठ अधिवक्ता सलीम गौरी, हेमंत जैन, भूपेंद्र सिंह राठौड़, रामअवतार मीणा, आशुतोष शर्मा, लक्ष्मी चंद मीणा और रवि शंकर पंवार सहित अन्य अधिवक्ताओं ने संबोधित किया।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
विरोध प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें केकड़ी को फिर से जिला घोषित करने की मांग की गई। प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के महासचिव समकित जैन और कोषाध्यक्ष रवि शंकर पंवार के नेतृत्व में एडवोकेट राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सलीम गौरी, भंवर सिंह राठौड़, हेमंत जैन, नवल किशोर पारीक, बृजेन्द्र प्रताप सिंह राठौड़, शिव प्रताप सिंह राठौड़, लोकेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष मनोज आहूजा, परवेज नकवी, पवन भाटी, पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व अध्यक्ष रामअवतार मीणा, शिव प्रसाद पाराशर, लक्ष्मी चंद मीणा, मोहिंदर जोशी, भैरू सिंह राठौड़, सुरेंद्र सिंह धन्नावत, परमेश्वर धाकड़, मुरलीधर शर्मा, नरेन्द्र लोधा, अनिल शर्मा, प्रहलाद वर्मा, दिनेश पारीक, रोहिंन्द्र सिंह, नरेन्द्र जैन, सानिया सैन, आशा पाराशर, भारती पोपटानी, मुंशी हरिशंकर चौधरी और विनोद मुंशी सहित न्यायिक परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।
