राजस्थान:मंदिरों से चांदी के छत्र और कुओं से केबल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 13 मुकदमे दर्ज – A Notorious Thief Who Had Committed More Than A Dozen Crimes In Several Districts Was Arrested
राजस्थान में मंदिरों और खेतों के कुओं को निशाना बनाने वाली चोरी की गैंग के खिलाफ देवली थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने बावड़ी बालाजी मंदिर से चांदी के छत्र चोरी होने के मामले की जांच करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मंदिरों से चांदी के छत्र और अलग-अलग इलाकों में कुओं से विद्युत केबल चोरी करने का आरोप है। पुलिस अब उससे चोरी किए गए चांदी के छत्र बरामद करने और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बावड़ी बालाजी मंदिर में चोरी के बाद शुरू हुई तलाश
थानाधिकारी प्रीति रत्नू के अनुसार, 18 नवंबर को बावड़ी बालाजी मंदिर से चोर चांदी के छत्र चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में देवली थाने में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय स्तर पर पूछताछ शुरू की। संदिग्धों पर नजर रखने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वारदात के बाद सवाई माधोपुर और पुष्कर सहित अलग-अलग स्थानों के जंगलों में छिपकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने तलाश तेज की और राजमहल थाना दूनी की पहाड़ियों के पास से उसे डिटेन कर लिया।
19 साल के आरोपी ने कबूलीं दो दर्जन से ज्यादा वारदातें
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुशीराम उर्फ अंकेश पुत्र रतनलाल मोग्या (19), निवासी चराई, थाना देवली सदर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने करीब दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
आरोपी ने रतलाई स्थित मोर के बालाजी मंदिर के साथ उनियारा, मालपुरा, पीपलू, टोडारायसिंह, मेहंदवास, नैनवां और केकड़ी सहित कई क्षेत्रों में कुओं से विद्युत केबल चोरी करने की बात भी कबूल की है। पुलिस का मानना है कि विस्तृत पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
मोटरसाइकिल चोरी और ताले तोड़ने के औजार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई औजार बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनका इस्तेमाल मोटरसाइकिल चोरी करने और ताले तोड़ने के लिए किया जाता था। आरोपी के साथी श्योराज मोग्या की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मिलकर वारदातों को अंजाम देते थे।
चार जिलों में दर्ज हैं 13 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, कुशीराम आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ टोंक, बूंदी, सवाई माधोपुर तथा अजमेर जिलों में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बिजली चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। अधिकतर मुकदमे बिजली के उपकरणों, केबल और अन्य सामान की चोरी से संबंधित बताए गए हैं।
फिलहाल पुलिस बावड़ी बालाजी मंदिर से चोरी किए गए चांदी के छत्रों की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक अब्दुल वहाब और पुलिसकर्मी स्माइल व हुकुम नाथ का विशेष योगदान रहा।
