राजस्थान के कोटा जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति पर उसके ही साले ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना अदालत परिसर की है, जहां तारीख पेशी पर पहुंचे बहनोई पर आरोपी ने पेचकस से सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई इस वारदात से अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पति-पत्नी के बीच भी पारिवारिक विवाद को लेकर मामला अदालत में चल रहा है। बताया जा रहा है कि बहनोई पत्नी को मेंटेनेंस देने के सिलसिले में अदालत पहुंचा था। इसी दौरान उसका सामना साले से हो गया। पत्नी के अदालत में नहीं पहुंचने को लेकर विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें- राजस्थान भाजपा में घमासान: किरोड़ी लाल के बयान से सियासी हलचल, हरियाणा की बात कहकर बहुत कुछ बोल गए कृषि मंत्री
पेचकस से सिर पर किए कई वार
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच कहासुनी के बाद साले ने पेचकस निकालकर बहनोई के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
अदालत परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिस स्थान पर लोग न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां दिनदहाड़े इस तरह का जानलेवा हमला होना चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के पीछे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।