रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:जालोर में आवारा कुत्तों का खूनी आतंक, एक ही दिन में 15 लोगों को काटा, 11 बच्चे घायल; शहर में दहशत – Jalore: 15 People, Including 11 Children, Injured In Attacks By Stray Cattle In The City
जालोर

राजस्थान:जालोर में आवारा कुत्तों का खूनी आतंक, एक ही दिन में 15 लोगों को काटा, 11 बच्चे घायल; शहर में दहशत – Jalore: 15 People, Including 11 Children, Injured In Attacks By Stray Cattle In The City

November 23, 2026


जालोर शहर में आवारा कुत्तों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। रविवार को अलग-अलग इलाकों में कुत्तों ने हमला कर करीब 15 लोगों को घायल कर दिया। घायलों में 11 बच्चे शामिल हैं। एक बच्ची को कुत्ते ने शरीर पर कई जगह काटकर लहूलुहान कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के साथ रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। एक ही दिन में बड़ी संख्या में लोगों पर हुए हमलों से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, तासखाना बावड़ी, बाईपास रोड, राजेंद्र नगर और सूरजपोल क्षेत्र में आवारा कुत्तों ने लोगों को निशाना बनाया। तासखाना बावड़ी क्षेत्र में उत्तम गहलोत (14), दीपिका (21), मुस्कान (8), कार्तिक (6), वजाराम (45), हिना (8), तस्लीम (12), अनिल (4), फरदोंस (9), रवीना (4), प्रिंस (9), देविका (5) और संजय मीणा (10) को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। वहीं, राजेंद्र नगर निवासी जयदीप (9) पुत्र अमितपुरी और भीनमाल बाईपास रोड निवासी शुभम (7) भी कुत्तों के हमले में घायल हो गए।

एक बच्ची को कई जगह काटा

हमले के दौरान एक बच्ची को कुत्ते ने शरीर पर कई जगह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। सभी घायलों को राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और रेबीज के इंजेक्शन लगाए। बच्चों के भी हमलों का शिकार होने से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

पार्षदों ने पहले भी की थी शिकायत

आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर वार्ड-6 के पार्षद मुकेश सांखला सहित कई पार्षदों ने कुछ दिन पहले नगर परिषद में शिकायत दी थी। पार्षदों ने लालपोल सहित शहर के अन्य इलाकों में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़कर आबादी क्षेत्र से दूर छोड़ने की मांग की थी। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

आयुक्त ने रात में टीम भेजने के दिए निर्देश

नगर परिषद आयुक्त शिवपाल सिंह ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए टीम को निर्देश दे दिए गए हैं। रात के समय टीम भेजकर कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रहे हमलों के बीच शहरवासियों को अब नगर परिषद की कार्रवाई का इंतजार है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X