शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
रीवा:18 हजार के लालच में खूनी खेल, धनतेरस पर बकरी व्यापारी की गला घोंटकर हत्या, जंगल में दफनाया शव – Rewa: Goat Trader Killed For 18000, Body Buried In Forest; Three Accused Arrested Within 12 Hours
रीवा

रीवा:18 हजार के लालच में खूनी खेल, धनतेरस पर बकरी व्यापारी की गला घोंटकर हत्या, जंगल में दफनाया शव – Rewa: Goat Trader Killed For 18000, Body Buried In Forest; Three Accused Arrested Within 12 Hours

November 10, 2026


धनतेरस के दिन जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मातम पसर गया। महज 18 हजार रुपये के लालच में दो युवकों और एक नाबालिग ने 60 वर्षीय बकरी व्यापारी लख्खू चिकवा की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले व्यापारी का गला घोंटा, फिर शव को बौलिया घाट के जंगल में नाले के पास मिट्टी में दफना दिया। आरोपियों ने वारदात के बाद उसकी गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी और लूटे गए रुपये आपस में बांट लिए। अतरैला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर अंधी हत्या का पर्दाफाश कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अतरैला थाना क्षेत्र के चौखण्डी गांव निवासी लख्खू चिकवा (60) बकरी खरीदने-बेचने का कारोबार करते थे। 6 नवंबर को धनतेरस की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी दोपहिया से 18 हजार रुपये लेकर कुरैली की तरफ बकरी खरीदने निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल बंद मिलने पर चिंता बढ़ी और पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआत में मामला गुमशुदगी का था, लेकिन कुछ ही घंटों में यह सनसनीखेज हत्या में बदल गया।

मिट्टी के नीचे दबा था शव

तलाश के दौरान पुलिस को ग्राम कुरैली में बरसाती त्रिपाठी की पहाड़ी जमीन की झाड़ियों में लख्खू की गाड़ी छिपी मिली और वहां से कुछ दूरी पर बहरा के पास मिट्टी की नई परत दिखाई दी। पुलिस को शक होने पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में मिट्टी हटवाई गई तो नीचे लख्खू चिकवा का शव मिला। परिजनों ने उसकी पहचान की। मौके के साक्ष्यों ने साफ कर दिया कि व्यापारी के साथ कोई अनहोनी नहीं, बल्कि सुनियोजित वारदात हुई थी।

पुलिस के मुताबिक संदेह के आधार पर बुद्धसेन कोल और प्रभुनाथ कोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने विधि विरुद्ध बालक के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने व्यापारी के रुपये छीनने के उद्देश्य से उसका गला घोंटकर हत्या की और शव को बहरा में फेंककर आसपास की मिट्टी खोदकर ऊपर डाल दी। इसके बाद उसकी गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी। व्यापारी के पास रखे 18 हजार रुपये आपस में बांट लिए और मोबाइल भी अपने साथ ले गए।

ये भी पढ़ें: भोपाल: चलती बाइक से महिलाओं के साथ गंदी हरकतें करने वाला मनचला गिरफ्तार, कटारा हिल्स पुलिस ने लिया एक्शन

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की गाड़ी, 12 हजार 600 रुपये और नीले रंग का कीपैड मोबाइल जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 जोड़ी गई। दोनों बालिग आरोपियों और विधि विरुद्ध बालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

सड़क पर उतरे ग्रामीण

व्यापारी का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। लोगों ने अकेला बाजार में चक्काजाम कर डभौरा, सिरमौर और रामबाग मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर विरोध प्रदर्शन चलता रहा। ग्रामीण वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर तहसीलदार और एसडीओपी पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।

महज 18 हजार रुपये के लालच में हुई इस वारदात ने तराई अंचल को झकझोर दिया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा तो कर दिया, लेकिन त्योहार के दिन उजड़े परिवार का दर्द अब भी बरकरार है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X