विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार शिक्षा व्यवस्था तैयार कर रहा इग्नू :कुलपति – Ignou Is Designing Its Education System
-विवि में जुलाई सत्र में 5.37 लाख नए दाखिले हुए, एआई और डिजिटल शिक्षा पर रहेगा जोर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के विद्यार्थियों को बेहतर और आसान शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अपनी पढ़ाई और प्रशासनिक व्यवस्था में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा रहा है। इग्नू की हर नीति, तकनीकी सुविधा और शैक्षणिक प्रक्रिया का लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए। शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने और अपनी मंजिल तक पहुंचने में आसानी हो। यह बातें कुलपति उमा कांजीलाल ने इग्नू के 41वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर कही। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की सुविधा के लिए असाइनमेंट जमा करने, उनके मूल्यांकन और रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया को भी ऑनलाइन बना रहा है। कहा, जुलाई 2026 के प्रवेश सत्र में विश्वविद्यालय में 5.37 लाख नए विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इस दौरान 65 लाख स्व-अध्ययन सामग्री विद्यार्थियों को भेजी गई, जबकि करीब 1.85 लाख विद्यार्थियों ने पढ़ाई के लिए डिजिटल सामग्री का विकल्प चुना।
प्रो कांजीलाल ने शिक्षा में एआई के बढ़ते महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इग्नू भविष्य में तकनीक आधारित विश्वविद्यालय के रूप में विकसित होना चाहता है। इसके लिए आईआईटी मुंबई के साथ मिलकर विभिन्न भाषाओं में अध्ययन सामग्री तैयार की जा रही है। विश्वविद्यालय एआई आधारित शैक्षणिक सुविधाओं पर भी काम कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में मदद मिल सके। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यूनेस्को के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय कार्यालय के निदेशक डॉ टिम कर्टिस उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुक्त और दूरस्थ शिक्षा उन लोगों के लिए उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराती है, जो कई कारणों से नियमित कॉलेजों में नहीं पढ़ पाते। कार्यक्रम में शिक्षा, शोध और प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों और संस्थानों को सम्मानित भी किया गया।
