Karnal News:पड़ोसी की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास की सजा, 50 हजार रुपये लगा जुर्माना – Man Convicted Of Murdering Neighbor Sentenced To Life Imprisonment, Fined 50,000 Rupees
करनाल। गांव कोहंड में पड़ोसियों के बीच सब्जियों को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। करीब तीन साल तक चले मुकदमे के बाद अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नितिन किनरा की अदालत ने कोहंड निवासी आरोपी अजय को पड़ोसी अखिलेश की हत्या का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई और 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
मामले के अनुसार, मूल रूप से झारखंड की रहने वाली और वर्तमान में गांव कोहंड में किराये पर रहने वाली शाको देवी की शिकायत पर 24 अक्तूबर 2023 को थाना घरौंडा में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाले अजय के परिवार के साथ लंबे समय से अनबन चल रही थी। आए दिन किसी न किसी बात पर कहासुनी होती रहती थी।
19 अक्तूबर 2023 को अजय के पिता उनके कमरे के पास उगाई गई सब्जियों पर थूक रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। शाम करीब साढ़े आठ बजे उसका पति अखिलेश काम से घर लौटे तो उन्होंने अजय के पिता को समझाने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान अजय ने लाठी से अखिलेश पर हमला कर दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और 21 अक्तूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अजय के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने जांच के बाद अजय को हत्या के आरोप में अदालत में पेश किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अब उसे दोषी ठहराया गया।
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला दे अदालत ने फांसी के बजाय उम्रकैद को माना पर्याप्त
सजा पर बहस के दौरान राज्य पक्ष ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए अधिकतम सजा की मांग की। वहीं, दोषी ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए नरमी बरतने की अपील की। उसने अदालत को बताया कि उसके बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और चार बच्चे हैं और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर है। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के बच्चन सिंह, मच्छी सिंह और अन्य फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि मृत्युदंड केवल दुर्लभतम से दुर्लभ मामलों में दिया जाना चाहिए। अपराध की क्रूरता के साथ दोषी की उम्र, पारिवारिक परिस्थितियों और सुधार की संभावना पर भी विचार करना जरूरी है। अदालत ने माना कि इस मामले में ऐसा कोई आधार नहीं है, जिससे उम्रकैद को अपर्याप्त माना जाए। इसलिए फांसी की सजा नहीं दी गई।
जुर्माना नहीं देने पर छह माह की अतिरिक्त कैद
जिला न्यायवादी डॉ. पंकज ने बताया कि अदालत ने 50 हजार रुपये जुर्माना अदा नहीं करने पर छह माह की अतिरिक्त साधारण कैद का आदेश दिया है। धारा 506 के तहत दो साल की साधारण कैद भी सुनाई गई है। पुलिस और न्यायिक हिरासत में पहले बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित करने के निर्देश दिए हैं। दोषी को जेल भेजने के लिए वारंट तैयार करने का आदेश भी दिया गया है।
