केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो नए बेस बनाकर बाबा विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था अचूक की जाएगी। आदिकेशव घाट के पास सरायमोहना (अभिलेखों में सरैताबाद) और नमो घाट के पास किला कोहना (गोवर्द्धन धाम मंदिर के ऊपर वाला क्षेत्र) में 4.19 एकड़ सरकारी जमीन अगले 90 साल तक सीआरपीएफ के पास ही रहेगी।
विश्वनाथ धाम परिसर में किसी भी आपात स्थिति में कम से कम समय में सुरक्षाकर्मी एक्शन ले सकेंगे। राज्य सरकार की ओर से अब सीआरपीएफ को धाम में स्थायी रूप से मुस्तैद करने का फैसला लिया गया है। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुरक्षित माहौल मिलेगा। बिना किसी खतरे के दर्शन की व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूती मिलेगी।
तहसील सदर स्थित ग्राम किला कोहना और सरैताबाद में 4.19 एकड़ सरकारी भूमि गृह मंत्रालय को निःशुल्क पट्टे पर आवंटित की जाएगी। इसकी एक बटालियन पहाड़िया में पहले से ही है। चंदौली के चकिया में इसका मुख्यालय है। बाबा विश्वनाथ धाम की सुरक्षा में पहली बार सीआरपीएफ की एक टुकड़ी लगाई गई थी।
वहीं, शहर में कई जगहों पर हुए आतंकवादी विस्फोट के बाद साल 2007 में सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन को काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा में लगाई गई थी। वहां पहले से 40वीं बटालियन की तैनाती है।
प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि इस निर्णय से धाम की सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत मजबूती मिलेगी। साथ ही आपात परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की त्वरित उपलब्धता और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी।
एक्शन लेने के समय में कमी आएगी। स्तरीय और अधिक प्रभावी बनाना आवश्यक है। इसी आवश्यकता के दृष्टिगत केंद्रीय सुरक्षा बलों की स्थायी तैनाती के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।