शरजील-उमर को मिलेगी जमानत?:सुप्रीम कोर्ट में मामले पर कल होगी सुनवाई, पिछले छह साल से जेल में बंद हैं दोनों – Will Sharjeel Imam And Umar Khalid Get Bail Their Cases Set To Be Heard In Supreme Court Tomorrow
साल 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में जेल में बंद शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिकाओं पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। दोनों ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। दोनों की मांग है कि उन्हें लंबे समय से जेल में रहने और मुकदमे की सुनवाई शुरू न होने के आधार पर जमानत दी जाए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची व वी. मोहना की पीठ इस मामले पर सुनवाई कर सकती है।
गवाहों से पूछताछ नहीं होने का दिया हवाला
शरजील इमाम और उमर खालिद ने अपनी याचिकाओं में कहा है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों से पूछताछ नहीं कर पाया है। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने पहले जमानत के लिए एक साल की समय-सीमा तय की थी, जो अब पूरी होने वाली है। ऐसे में उन्हें लगातार जेल में रखना ठीक नहीं है। दोनों का तर्क है कि जब मुकदमे की सुनवाई ही आगे नहीं बढ़ रही तो उन्हें अनिश्चित समय तक जेल में नहीं रखा जाना चाहिए।
इमाम की याचिका में क्या कहा गया?
शरजील इमाम ने अपनी याचिका में बताया है कि 25 सितंबर 2020 को इस मामले में आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसमें कुल 18 लोगों पर मुकदमा चल रहा है। अभियोजन पक्ष ने अदालत में 900 से ज्यादा गवाहों की सूची दी है, जिनमें 47 संरक्षित गवाह हैं। इमाम का कहना है कि करीब छह साल नौ महीने से विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में रहने के बावजूद अभियोजन पक्ष एक भी गवाह से पूछताछ नहीं कर पाया है।
उमर खालिद ने संविधान के अनुच्छेद 21 का दिया हवाला
उमर खालिद ने भी अपनी याचिका में मुकदमे में हो रही देरी का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि संरक्षित गवाहों से पूछताछ पूरी नहीं हुई है और सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय एक साल की अवधि भी खत्म होने वाली है। इसके बाद भी उन्हें जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन होगा।
हाईकोर्ट ने सितंबर में खारिज की थी जमानत
दिल्ली हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। अदालत ने कहा था कि वह सुप्रीम कोर्ट के 5 जनवरी के आदेश से बंधी हुई है और उसमें बदलाव नहीं कर सकती। उस आदेश में कहा गया था कि दोनों आरोपी संरक्षित गवाहों से पूछताछ पूरी होने के बाद या एक साल की अवधि समाप्त होने पर, जो भी पहले हो, नई जमानत याचिका दाखिल कर सकते हैं।
ट्रायल कोर्ट से भी नहीं मिली थी राहत
इससे पहले 4 जुलाई को ट्रायल कोर्ट ने भी दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। अदालत का कहना था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करना जरूरी है। इसलिए वह इस स्तर पर उनकी याचिकाओं पर विचार नहीं कर सकती। गिरफ्तारी के बाद यह तीसरी बार था, जब दोनों को जमानत देने से इनकार किया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की भूमिका को बताया था अलग
इस साल 5 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, इसी मामले में आरोपी गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को राहत दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि शरजील इमाम और उमर खालिद की भूमिका दूसरे आरोपियों से अलग दिखाई देती है। अदालत ने उन्हें कथित साजिश का वैचारिक आधार तैयार करने वाला भी बताया था। दोनों के खिलाफ प्रथम दृष्टया यूएपीए के तहत मामला बनता है।
क्या है दिल्ली दंगों का पूरा मामला?
फरवरी 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क गई थी। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस मामले में कथित बड़ी साजिश की जांच कर रही है। शरजील इमाम को 25 अगस्त 2020 और उमर खालिद को 13 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दोनों पर दंगों की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें: ‘बिलॉन्गिंग’: राहुल गांधी ने मां सोनिया और प्रियंका से की खास बातचीत; पिता राजीव का जिक्र, किताब पर क्या बोले?
लंबे समय से जेल में रहने का मुद्दा भी उठा
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 22 मई को सह-आरोपी अब्दुल खालिद सैफी और तस्लीम अहमद को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी। साथ ही अदालत ने यूएपीए के सख्त जमानत प्रावधानों के बीच विचाराधीन कैदियों को लंबे समय तक जेल में रखने के मुद्दे को बड़ी पीठ के पास भेज दिया था। अब बुधवार की सुनवाई में सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि शरजील इमाम और उमर खालिद को जमानत मिलती है या उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
