यूपी के श्रावस्ती में सोमवार रात सड़क किनारे खड़े 52 वर्षीय अधेड़ को बुलेट सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अधेड़ की मौत हो गई। खबर मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
हादसा नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के भटपुरवाकला गांव में हुआ। हादसे में गांव निवासी मंगरे चौहान (52) की मौत हुई है। बताया गया कि सोमवार रात वह सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बलरामपुर की ओर से परशुरामपुर जा रहे तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंगरे सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों से सूचना पर पहुंचे परिजन घायल मंगरे को लेकर सीएचसी, इकौना पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे चार बेटे सुनील, अनिल, प्रियांशु और जितेंद्र तथा दो बेटियां रेशमा और अंजनी को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ भरत पासवान ने बताया कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।