श्रीनगर:’मजहब-संविधान में टकराव नहीं, वंदे मातरम गाना जायज’, ग्रैंड मुफ्ती बोले-संविधान का मान रखना जरूरी – No Conflict Between Religion And Constitution Singing Vande Mataram Is Permissible Says Grand Mufti In Srinaga
वंदे मातरम को लेकर छिड़े विवाद के बीच ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम ने शनिवार को स्पष्ट किया कि वंदे मातरम हराम नहीं है। उनके इस बयान को हाल के दिनों में धार्मिक और सियासी हलकों में तेज हुई बहस के बीच अहम माना जा रहा है। इससे विवाद को तूल देने के बजाय आपसी समझ और सौहार्द के साथ आगे बढ़ने का संदेश सामने आया है।
विवाद की शुरुआत 23 नवंबर को श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की ओर से आयोजित वक्फ दिवस समारोह से हुई थी। शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्कास्ट-कश्मीर) में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी समेत कई गणमान्य मौजूद थे। कार्यक्रम में वंदे मातरम के सभी छह अंतरे बजाए गए। इस दौरान मौजूद सभी धर्मगुरु भी सम्मान में खड़े हुए।
कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद धर्मगुरुओं को आलोचना का सामना करना पड़ा। मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाली मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) ने वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने पर आपत्ति जताई। संगठन ने इसे धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा विषय बताते हुए सरकारी कार्यक्रमों में इसे अनिवार्य रूप से शामिल करने पर सवाल उठाए।
इसी बीच ग्रैंड मुफ्ती ने भी वंदे मातरम को हराम बता दिया, जिसे लेकर विरोध बढ़ गया। अब उनके ताजा बयान में विवाद खत्म करने की अपील और वंदे मातरम को हराम न बताने की बात ने चर्चा को नया मोड़ दिया है। शनिवार देर शाम जारी बयान में उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं को लेकर मतभेद को आपसी टकराव में बदलने के बजाय संवाद और समझदारी से सुलझाया जाना चाहिए।
शनिवार को कहा-धर्म और संविधान एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। वंदे मातरम का संबंध देश के संविधान से है और संविधान का सम्मान करना बेहद जरूरी है। समाज में कुछ चीजें धार्मिक दृष्टिकोण से अपना महत्व रखती हैं, तो कुछ संवैधानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इन दोनों का ही सम्मान करना अनिवार्य है। एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखकर ही समाज को बिखराव और अराजकता से बचाया जा सकता है।
वीरवार को जो कहा था-ग्रैंड मुफ्ती ने वीडियो संदेश में कहा था कि इस्लामी दृष्टिकोण से वंदे मातरम पढ़ना या ऐसे किसी समारोह में शामिल होना किसी भी सूरत में जायज नहीं है। मुसलमान न तो इसे इबादत समझकर पढ़ सकता है और न ही किसी दबाव या समझौते के तहत।
