शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Mirzapur News:औसतन रोज 100 लोगों को कुत्ते काट रहे, एबीसी सेंटर की योजना फाइलों में कैद – On Average, 100 People Are Being Bitten By Dogs Every Day; The Abc (animal Birth Control) Center Project Remains Confined To Files
मिर्ज़ापुर

Mirzapur News:औसतन रोज 100 लोगों को कुत्ते काट रहे, एबीसी सेंटर की योजना फाइलों में कैद – On Average, 100 People Are Being Bitten By Dogs Every Day; The Abc (animal Birth Control) Center Project Remains Confined To Files

November 14, 2026


On average, 100 people are being bitten by dogs every day; the ABC (Animal Birth Control) center project remains confined to files.

नगर के बरियाघाट पर सड़क पर विचरण करता कुत्तों का झुंड, संवाद

मिर्जापुर। जिले में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। प्रतिदिन 100 से अधिक लोग कुत्तों के काटने से अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन इनकी आबादी नियंत्रित करने के लिए प्रस्तावित एबीसी (एनीमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर की योजना फाइलों में कैद है। सात महीने पहले जिला प्रशासन ने सिटी विकास खंड के भागदेवर ग्राम पंचायत में 1.3 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर केंद्र के लिए आवंटित की थी। नगर पालिका परिषद ने निर्माण के लिए 1.79 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा। सीएंडडीएस को कार्यदायी संस्था भी बनाया गया, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है।

जिले के चारों निकायों मिर्जापुर, चुनार, अहरौरा और नगर पंचायत कछवां में ही आवारा कुत्तों की संख्या 20 हजार से अधिक बताई जा रही है। पूरे जिले में इनकी संख्या करीब 50 हजार है। इसके बावजूद इन पर नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं बन सकी है। पशुपालन विभाग को भी इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

जिले में प्रतिदिन कुत्तों के काटने की 100 से अधिक घटनाएं होती हैं। मंडलीय चिकित्सालय में ही रोज 30 से ज्यादा नए मामले आते हैं। इन पीड़ितों को एंटी रेबीज का पहला इंजेक्शन लगाया जाता है। इसके अलावा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और न्यू पीएचसी पर भी एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए जाते हैं।

इनसेट-

बंध्याकरण के बाद उसी स्थान पर छोड़े जाएंगे कुत्ते : ईओ

अधिशासी अधिकारी जी लाल ने बताया कि नगर विकास विभाग के निर्देश पर नगर पालिका ने एबीसी केंद्र बनाने की पहल की है। केंद्र में आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका बंध्याकरण कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें तीन दिन तक केंद्र में रखने के बाद उसी स्थान पर छोड़ दिया जाएगा, जहां से पकड़ा गया होगा। नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने बताया कि केंद्र के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। विस्तृत कार्ययोजना तैयार होने के बाद जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। वहीं, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि नगर पालिका परिषद और पशुपालन विभाग की ओर से समय-समय पर अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ा जाता है। एबीसी केंद्र बनने से इन पर नियंत्रण करना आसान होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X