सिंहस्थ:शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की सरकार को दो टूक- मां शिप्रा के मूल जल से स्नान नहीं कराया तो.. – Ahead Of Simhastha, Shankaracharya Swami Avimukteshwaranand Issues Ultimatum To Govt
November 29, 2026

उज्जैन की शिप्रा
विस्तार
सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों के बीच ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मध्य प्रदेश सरकार और प्रशासन को एक वीडियो संदेश जारी कर सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि आगामी सिंहस्थ में मां शिप्रा के अपने जल के बजाय किसी अन्य नदी (नर्मदा) के जल से श्रद्धालुओं को स्नान करवाया गया, तो वे सरकार के खिलाफ जनता से अविश्वास का मुकदमा दायर करेंगे।
ये भी पढ़ें- उज्जैन: पानी के पाइप को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में किसान की पीट-पीटकर हत्या, छह आरोपियों पर केस दर्ज
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने वीडियो मे कहा है कि मेला अधिकारी आशीष सिंह जब उन्हें सिंहस्थ का आमंत्रण देने आए थे, तब उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि उन्हें सरकार से न तो पैसा चाहिए, न जमीन और न ही शिविर लगाने के कोई संसाधन। उनकी एकमात्र मांग है कि महाकुंभ में स्नान केवल मां शिप्रा के जल से ही हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मां शिप्रा का जल पूरी तरह सूख चुका है और नदी प्रवाहमान नहीं है। ऐसे में नर्मदा या किसी अन्य नदी का जल लाकर शिप्रा में भरना और उससे स्नान करवाना सनातन परंपरा के विरुद्ध और श्रद्धालुओं के साथ धोखा है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने याद दिलाया कि पिछले कुंभ में उन्होंने अज्ञानतावश नर्मदा के जल से स्नान कर लिया था, लेकिन तभी मेला प्राधिकरण को पत्र सौंपकर स्पष्ट कर दिया था कि 2028 में वे केवल शिप्रा के जल से ही स्नान करेंगे। 10 वर्ष बीत जाने के बाद भी सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। अब सिंहस्थ में केवल डेढ़ वर्ष शेष हैं और 80 किमी दूर बैराज बनाकर वर्षा जल रोकने के बजाय शिप्रा को उसके उद्गम से पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से भी इस मुद्दे पर जागृत होने का आह्वान किया।
शिप्रा नहीं, तो सिंहस्थ नहीं
इस मुद्दे पर त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक और पूर्व अपर आयुक्त आदित्य नागर ने बताया कि शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा के माध्यम से जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा के पहले दिन वर्चुअल रूप से जुड़े शंकराचार्य जी ने शिप्रा नहीं, तो सिंहस्थ नहीं का नारा दिया था और सिंहस्थ से पूर्व एक-दो बार उज्जैन आने की बात भी कही है। आदित्य नागर के अनुसार, उज्जयिनी की पहाड़ियों से निकलकर चंबल (सिपावरा) में मिलने वाली 200 किलोमीटर लंबी शिप्रा नदी को आज भी प्रवाहमान और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है। इसके लिए खेतों में तालाब बनाने, जल संरचनाओं के निर्माण और नदी में मिलने वाले गंदे पानी के ट्रीटमेंट की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनके पास इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार है और वे सरकार के साथ मिलकर इस पर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।


शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक और पूर्व अपर आयुक्त आदित्य नागर
