महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की कोशिशों का असर उनके बैंक खातों के इस्तेमाल और संपत्ति में हिस्सेदारी के आंकड़ों में दिखने लगा है, लेकिन सेहत के मोर्चे पर तस्वीर चिंताजनक है। गाजीपुर में 15 से 49 वर्ष की 87.5 प्रतिशत महिलाएं अब अपने बैंक खाते का खुद इस्तेमाल कर रही हैं।
घर और जमीन में मालिकाना हक रखने वाली महिला सदस्यों वाले परिवारों का आंकड़ा भी 11.4 से बढ़कर 16.4 प्रतिशत हो गया है। इसके उलट महिलाओं में मोटापा और उच्च रक्तशर्करा की समस्या तेजी से बढ़ी है। मोटापे और अधिक वजन से जूझ रही महिलाओं का प्रतिशत 14.3 से बढ़कर 25.4 हो गया है, जबकि उच्च रक्तशर्करा का आंकड़ा 8.7 से बढ़कर 15.2 प्रतिशत पहुंच गया है।
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बीते अगस्त में जारी राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) के आंकड़ों में पूर्वांचल के दस जिलों की महिलाओं की बदलती स्थिति सामने आई है। एनएफएचएस-5 (2019-21) के मुकाबले एनएफएचएस-6 (2023-24) के आंकड़ों में आर्थिक सशक्तीकरण के साथ स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी उभरी हैं।