रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
हजारों दीपों से जगमगाई शिप्रा:परिक्रमा के दौरान संतों-वरिष्ठों ने लिया शिप्रा जल से सिंहस्थ स्नान का संकल्प – Saints And Elders Vow To Take The Simhastha Bath Exclusively In Shipra Water
उज्जैन

हजारों दीपों से जगमगाई शिप्रा:परिक्रमा के दौरान संतों-वरिष्ठों ने लिया शिप्रा जल से सिंहस्थ स्नान का संकल्प – Saints And Elders Vow To Take The Simhastha Bath Exclusively In Shipra Water

November 25, 2026


त्रिशूल शिवगण वाहिनी के तत्वावधान में 21 नवंबर से निकाली जा रही चार दिवसीय संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा का मंगलवार शाम रामघाट स्थित राणोजी की छतरी पर भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित धर्म चेतना सभा में साधु-संतों ने एक स्वर में मांग की कि सिंहस्थ 2028 से पूर्व शिप्रा नदी को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त और प्रवाहमान बनाया जाए। संतों ने स्पष्ट संकल्प लिया कि आगामी सिंहस्थ का कुंभ स्नान केवल शिप्रा के मूल जल में ही होगा। इस दौरान ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान के तहत घाटों पर 5100 दीप प्रज्वलित किए गए और नदी में निर्माल्य प्रवाहित न कर स्वच्छता बनाए रखने का प्रण लिया गया।

यात्रा के शुभारंभ पर ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा था कि शिप्रा का जल नहीं तो सिंहस्थ नहीं। यदि सरकार नदी को निर्मल नहीं करती, तो संत समाज यह बीड़ा उठाएगा। वाहिनी के संस्थापक एवं पूर्व अपर कमिश्नर त्रिशूलपाणि आदित्य नागर ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर तालाबों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसे एक माह में जारी कर जनजागरण शुरू किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- आस्था के पथ पर विकास की रफ्तार: बदलने वाला है इंदौर-उज्जैन का सफर, खेतों के बीच तैयार हो रही नई सड़क

यह रहा चार दिनों का यात्रा मार्ग

पहला दिन (21 नवंबर): रामघाट से शुरू होकर यात्रा शिप्रा उद्गम स्थल ‘उज्जैनी’ पहुंची, जहां सात नदियों का जल प्रवाहित किया गया और श्रद्धालुओं ने श्रमदान किया।

दूसरा दिन (22 नवंबर): सांवेर के सिमरोड घाट पर जल संरक्षण सभा के बाद यात्रा दत्तअखाड़ा घाट और उपनिषद आश्रम पहुंची।

तीसरा दिन (23 नवंबर): उन्हेल स्थित शिप्रा-गंभीर संगम (मेलनाथ महादेव) और आलोट-रतलाम होते हुए यात्रा शिप्रा-चंबल संगम स्थल (दीपेश्वर महादेव, सिपावरा) पहुंची।

चौथा दिन (24 नवंबर): महिदपुर घाट, नारायणा धाम और मंगलनाथ सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों से होते हुए यात्रा पुनः रामघाट पहुंचकर संपन्न हुई।

देशभर से जुटे श्रद्धालु और संत

धर्म चेतना सभा को महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानंद, महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि, दंडी स्वामी वीतरागानंद सरस्वती, महंत विशालदास, श्रीमहंत नीलेश्वर पुरी और महंत ज्ञानेश्वरी पुरी सहित अनेक संतों ने संबोधित किया। संस्थापक आदित्य नागर और पं सुरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में उज्जैन व मध्य प्रदेश के अलावा प्रयागराज, हरिद्वार, मथुरा-वृंदावन, आगरा, हाथरस और दिल्ली से आए श्रद्धालुओं का संत समाज द्वारा सम्मान किया गया।

ऐसे निकली मां शिप्रा की यात्रा

मां शिप्रा की आरती।

ऐसे निकली मां शिप्रा की यात्रा

मंच पर विराजित संतगण

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X