हत्या के वक्त कैसी थी राजीव गांधी की सिक्योरिटी, क्यों नहीं दी गई थी SPG? राहुल गांधी ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
राजीव गांधी की सुरक्षा को गंभीर खतरा था. लगातार चेतावनियां मिल रही थीं. 20 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या से ठीक पहले इंटेलीजेंस ब्यूरो में खलबली थी. तत्कालीन संयुक्त निदेशक ने गृह मंत्रालय को एक पत्र भेजा. इसका मजमून था- ‘राजीव गांधी को बहुत गंभीर खतरा है, उनकी सुरक्षा तत्काल मजबूत की जानी चाहिए’. पत्र में उन्हें NSG एस्कॉर्ट देने का अनुरोध किया गया था. पत्र सरकारी व्यवस्था का शिकार हुआ. अगले ही दिन 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी सभा करने पहुंचे और ऐसे धमाके का शिकार हुए जिसकी गूंज आज भी गाहे-बगाहे सुनी जाती है.
एक बार फिर राहुल गांधी ने इस बात का दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या कराई जा सके. मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका के साथ बातचीत के एक साझा वीडियो में राहुल गांधी ने ये आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि- पापा की हत्या के लिए माहौल बनाया गया था. मैंने पापा और मम्मी को इस बारे में बताया था और अपने पिता के साथ इस मुद्दे पर मेरी बहस भी हुई थी. वे मां सोनिया गांधी की किताब पर चर्चा कर रहे थे. इस दौरान जब सोनिया गांधी ने पूर्व पीएम राजीव गांधी के बिहार दोरे के दौरान सुरक्षा में ढिलाई का जिक्र किया तो राहुल गांधी ने पिता की हत्या कराने के लिए सुरक्षा में ढिलाई का आरोप लगाया. दरअसल हत्या के वक्त राजीव गांधी के पास SPG सुरक्षा नहीं थी. इसकी वजह वह कानून था जो राजीव गांधी सरकार ने ही 1988 में पारित किया था.
क्यों हटी थी राजीव गांधी की एसपीजी सुरक्षा?
राजीव गांधी की मां और तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर 1984 को हत्या कर दी गई थी. इसके बाद देश में एक स्पेशलाइज्ड सुरक्षा बल की जरूरत महसूस हुई. 1985 में स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी SPG का गठन हुआ. 1988 में तत्कालीन राजीव सरकार ने एसपीजी एक्ट पारित किया. इसके तहत एसपीजी सुरक्षा सिर्फ पीएम और उनके परिवार के नजदीकी लोगों को देने की व्यवस्था दी. 1989 में जब वीपी सिंह पीएम बने और राजीव गांधी विपक्ष के नेता हो गए तो उनसे एसपीजी की सुरक्षा वापस ले ली गई. इसका आधार वही कानून था जो 1988 में बना था.
सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में अपने आवास 10 जनपथ को लेकर एक रोचक खुलासा किया है.
एसपीजी हटने के बाद कैसी थी राजीव गांधी की सुरक्षा
एसपीजी हटने के बाद राजीव गांधी को दिल्ली पुलिस और कमांडो सिक्योरिटी मिली थी. 8 फरवरी 1990 को तत्कालीन पीएम वीपी सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलापति त्रिपाठी की आपत्ति के बाद उन्हें पत्र लिखकर आश्वस्त किया था कि राजीव गांधी की सुरक्षा व्यवस्था कैसी की गई है. जैन आयोग के सामने भी ये पत्र प्रस्तुत किया गया था.
इसके मुताबिक राजीव गांधी के आवास पर तकरीबन 125 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, इनमें से 21 एनएसजी कमांडो थे. इसके अलावा सार्वजिनक और निजी कार्यक्रमों के लिए 25 अतिरिक्त कर्मी तैनात किए जाने का भी प्रस्ताव था. हालांकि इसमें एक समस्या ये थी आवास और देशभर में प्रचार के दौरान मिलने वाली सुरक्षा एक जैसी नहीं थी. दिल्ली से बाहर उनकी सुरक्षा की मुख्य जिम्मेदारी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेश की पुलिस पर रहती थी. उनके साथ सुरक्षाकर्मी जाते तो थे, लेकिन उनके पास कोई सुरक्षा प्रोटोकॉल नहीं था.
राजीव गांधी की सुरक्षा पर लगातार मिल रहे थ्रेट
पूर्व पीएम राजीव गांधी की हत्या के बाद तत्कालीन चंद्रशेखर सरकार ने अगस्त 1991 में जस्टिस मिलाप चंद जैन की अध्यक्षता में एक जैन आयोग का गठन किया था. आयोग ने कई साल बाद 1997 में अपनी अंतरिम रिपोर्ट दाखिल की थी. इसमें राजीव गांधी की सुरक्षा में कई तरह की खामियों का जिक्र किया गया था. आईबी की ओर से NSG सुरक्षा दिए जाने की सिफारिश भी इसी रिपोर्ट के अध्याय-2 के अनुच्छेद 25.6 में दर्ज है.
इससे पहले 27 मई 1991 को गठित वर्मा आयोग ने भी जून 1992 में जो रिपोर्ट दी थी, उसमें सुरक्षा व्यवस्था में कई तरह की खामियों का जिक्र किया था. आयोग ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि राजीव गांधी को लगातार थ्रेट मिल रहे थे, इसके बावजूद सुरक्षा में खामियां की गईं. अगर ऐसा न होता तो इस हत्याकांड को रोका जा सकता था.
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और चंद्रशेखर. फोटो- रायटर
वर्मा आयोग ने जांच में क्या पाया था?
राजीव गांधी की हत्या के छह दिन बाद 27 मई 1991 को सुप्रीम कोर्ट के तत्कालीन जस्टिस जेएस वर्मा की अध्यक्षता में आयोग बना. इसका मकसद से पता लगाना था कि क्या राजीव गांधी की हत्या रोकी जा सकती थी. आखिर उनकी सुरक्षा में तैनात अधिकारियों, खुफिया एजेंसियों या सरकार की तरफ से क्या लापरवाही हुई. वर्मा आयोग ने 12 जून 1992 को अपनी रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्री को सौंपी. इसमें कहा गया कि राजीव गांधी की एसपीजी सुरक्षा हटाने के बाद उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई.
आयोग ने इसे तत्कालीन केंद्र सरकार की चूक माना था. इसके अलावा आईबी की खुफिया व्यवस्था पर सवाल उठाए थे जो राजीव गांधी पर मंडरा रहे खतरे को तमिलनाडु पुलिस के साथ साझा करने में असफल रही थी. सवाल तमिलनाडु पुलिस पर भी उठाए गए थे, जिसने सभा स्थल पर ठीक से जांच नहीं की और आरोपी साजिश में सफल हो गए.
सुरक्षा में बरती गई लापरवाही
पहली चेतावनी 15 अप्रैल 1991 को आईपी ने दी थी, जिसमें राजीव गांधी के साथ तीन पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर तैनात करने का प्रस्ताव दिया गया था. इसके बाद 20 मई 1991 को आईपी ने चुनाव खत्म होने तक राजीव गांधी को तत्काल एनएसजी सुरक्षा देने की सिफारिश की थी. PSO की व्यवस्था को तो मंजूरी भी मिल गई थी, लेकिन वो लागू नहीं हो सकी थी.
21 मई को जब वे तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में पहुंचे तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी तमिलनाडु पुलिस की थी, जिसने भीड़ और राजीव गांधी के बीच पर्याप्त दूरी नहीं रखी. लोगों की आवाजाही पर कंट्रोल नहीं थी. न ही मंच के आसपास तलाशी की व्यवस्था थी. रात करीब 10:19 बजे धनु नाम की आत्मघाती हमलावर फूलों की माला पहनाने के बहाने राजीव गांधी के पास पहुंची और विस्फोट कर दिया. इस हत्याकांड में 18 लोगों की मौत हुई थी.
क्या जानबूझकर हटाई गई थी सुरक्षा
राजीव गांधी की हत्या के बाद बरसों तक ये सवाल राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय रहा है. दरअसल तत्कालीन वीपी सिंह सरकार के कार्यकाल में 30 जनवरी 1990 को एसपीजी सुरक्षा वापस लेने का कैबिनेट फैसला हुआ था. हालांकि राजीव गांधी को वैकल्पिक सुरक्षा दी गई थी, मगर वह पर्याप्त नहीं थी. राहुल गांधी का आरोप है कि सुरक्षा हटाने के पीछे राजीव गांधी की हत्या कराने का इरादा था. वर्मा आयोग और जैन आयोग ने सुरक्षा में ढिलाई की बात मानी है, मगर ये कहीं से स्पष्ट नहीं है कि जानबूझकर ऐसा किया गया था. खुद वीपी सिंह ने इस आरोप का खंडन किया था.
