रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
हाईवे पर हादसा:अंडर 16 क्रिकेटर की मौत, भाई से कहता था अश्वनी… रिंकू सिंह की तरह आईपीएल खेलूंगा – Under-16 Cricketer Ashwini Killed In Highway Accident
हाथरस

हाईवे पर हादसा:अंडर 16 क्रिकेटर की मौत, भाई से कहता था अश्वनी… रिंकू सिंह की तरह आईपीएल खेलूंगा – Under-16 Cricketer Ashwini Killed In Highway Accident

November 27, 2026


Under-16 Cricketer Ashwini Killed In Highway Accident

मृतक अश्वनी, बदहवास परिजन
, संवाद

विस्तार

हाथरस पोस्टमार्टम हाउस पर बदहवास अश्वनी के बड़े भाई टिंकू ने रोते हुए कहा कि उनके भाई ने टीवी पर आने का वादा किया था। कहता था कि रिंकू सिंह की तरह आईपीएल खेलूंगा और जब मुझे टीवी पर देखा करोगे। वहां मौजूद अश्वनी के पूर्व कोच राहुल व सौरभ चंद्रा ने रुंधे गले से बताया कि अंडर-16 में उसके जोड़ का कोई खिलाड़ी नहीं था। हाल ही में वह उत्तराखंड में टूर्नामेंट खेलकर आया था, जहां उसने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। सौरभ चंद्रा ने बताया कि दो दिन पहले ही उसकी एकेडमी का हमारे साथ मैच था। उसमें भी वह अच्छा खेला था। अश्वनी के दोस्त व साथी खिलाड़ी भी पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रहे। सभी की आंखें नम थीं और कुछ कहने की स्थिति में नहीं थे।

हादसा भीषण था। ई-टेंपो होने के बावजूद ई-रिक्शा तेज रफ्तार में था। अचानक टाटा-407 के सामने आने के कारण चालक ने बचने का प्रयास किया। इधर, अश्वनी का बायां हिस्सा थोड़ा बाहर निकाला हुआ था। वह सीधे मेटाडोर से टकराया और वहीं उसकी मौत हो गई। चेहरे से लेकर पेट तक बायां हिस्सा न होने से उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।

भानू व वैभव से मिली जानकारी पर जब भाई व साथी खिलाड़ी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो उन्होंने जर्सी पर लिखे अश्वनी, 10 नंबर और लोअर से पहचान की। इसके बाद चीख-पुकार नहीं रुकी। कोच राहुल ने बताया कि 11 साल की उम्र में अश्वनी उनके पास क्रिकेट सीखने आया था। तब वे बागला कॉलेज के मैदान में प्रैक्टिस कराते थे। बचपन से ही वह क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से प्रेरित था, इसलिए उसने जर्सी नंबर 10 का चयन किया था।

सौरभ चंद्रा ने बताया कि वह रिंकू सिंह क्रिकेट ग्राउंड, अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम, एडीसीए क्रिकेट ग्राउंड, विलिंगडन पवेलियन आदि मैदान पर खेल चुका था। वह रिंकू सिंह से भी मिल चुका था। छह महीने पहले ही उसने अलीगढ़ में भीकमपुर एस्टेट एकेडमी ज्वाइन की थी। खेल के जुनून पर पिता सुरेंद्र कुशवाहा अक्सर अश्वनी को टोकते थे, लेकिन भाई टिंकू उसका पक्ष लेते हुए खेलने के लिए प्रेरित करता था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X