मटौर-कछियारी-शिमला हाईवे पर घट्टा में करीब डेढ़ महीने के भीतर टोल फिर बढ़ा दिया गया है। एक अक्तूबर से पहले कार का एक तरफ का शुल्क 25 रुपये लिया जा रहा था। एक अक्तूबर को इसे बढ़ाकर 65 रुपये और दोनों तरफ का 100 रुपये किया गया था। अब इसे बढ़ाकर एक तरफ का 95 और दोनों तरफ का 145 रुपये कर दिया गया है। अन्य वाहनों की दरों में भी बढ़ोतरी की गई है।
उधर, घट्टा स्थित टोल प्लाजा को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग को लेकर शनिवार को सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में कांगड़ा में बैठक हुई। इसमें विधायक पवन काजल, एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग और चंगर क्षेत्र की 15 पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित टोल संघर्ष समिति एवं ट्रांसपोर्टरों ने हिस्सा लिया। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर इस बैठक में नहीं पहुंचे, जिस पर सांसद और विधायक ने उनके खिलाफ विधानसभा और लोकसभा में प्रिविलेज मोशन लाने की बात कही। लोगों ने टोल दरें बढ़ाने का विरोध किया है।