4 में 2 सिलेंडर बंद, फिर भी दौड़ती है कार! जानिए कैसे काम करती है ACT
ऑटोमोबाइल सेक्टर में बढ़ते फ्यूल प्राइस और सख्त प्रदूषण नियमों के बीच कार कंपनियां लगातार ऐसी तकनीकों पर काम कर रही हैं जो बेहतर माइलेज के साथ शानदार परफॉर्मेंस भी दें. इन्हीं मॉडर्न टेक्नोलॉजी में से एक है एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी (ACT), जिसे सिलेंडर डीएक्टिवेशन भी कहा जाता है. आमतौर पर जब हम हाईवे पर एक समान गति से गाड़ी चलाते हैं या शहर के ट्रैफिक में धीमी रफ्तार में होते हैं, तो इंजन को अपनी पूरी ताकत की जरूरत नहीं होती.
इसके बावजूद सामान्य इंजन के सभी सिलेंडर लगातार काम करते रहते हैं और ईंधन की खपत करते हैं. एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी इस समस्या का स्मार्ट समाधान है. ये तकनीक जरूरत न होने पर इंजन के कुछ सिलेंडरों को अस्थायी रूप से बंद कर देती है, जिससे ईंधन की बचत होती है और कार्बन एमीशन भी कम होता है. आइए इस टेक्नोलॉजी को डिकोड करने की कोशिश करते हैं.
एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी क्या है?
एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी एक एडवांस इंजन मैनेजमेंट सिस्टम है. इसका मुख्य उद्देश्य कम लोड की स्थिति में इंजन के आधे सिलेंडरों को बंद करके फ्यूल एफिशिएंसी बढ़ाना है. उदाहरण के लिए, यदि किसी कार में 4-सिलेंडर इंजन है, तो ये तकनीक नॉर्मल क्रूजिंग के दौरान इसके दो सिलेंडरों को डिएक्टिवेट कर देती है और कार केवल दो सिलेंडरों पर चलती है. भारत में फॉक्सवैगन और स्कोडा जैसी कंपनियां अपनी चुनिंदा कारों में इस तकनीक का इस्तेमाल करती हैं.
ये कैसे काम करती है?
इस तकनीक की फंक्शनलिटी पूरी तरह से कार के इंजन कंट्रोल यूनिट (ECU) और सेंसर पर निर्भर करती है:
सेंसर की निगरानी: कार के सेंसर लगातार इंजन की स्पीड, एक्सीलेटर पैडल की कंडीशन और गाड़ी पर पड़ने वाले लोड की निगरानी करते हैं.
सिलेंडर का बंद होना: जब ड्राइवर एक स्टेबल स्पीड (आमतौर पर 1,400 से 4,000 RPM के बीच) पर गाड़ी चला रहा होता है और ज्यादा पावर की जरूरत नहीं होती, तो ECU एक सिग्नल भेजता है. इसके बाद चुनिंदा सिलेंडरों के इनटेक और एग्जॉस्ट वाल्व बंद हो जाते हैं और उनमें फ्यूल इंजेक्शन रोक दिया जाता है.
तुरंत वापसी: जैसे ही ड्राइवर ओवरटेक करने या तेजी से आगे बढ़ने के लिए एक्सीलेटर दबाता है, मिलीसेकंड के भीतर बंद सिलेंडर फिर से सक्रिय हो जाते हैं. ये प्रक्रिया इतनी स्मूद होती है कि ड्राइवर को झटका महसूस नहीं होता.
क्या हैं इसके फायदे?
इस तकनीक से लैस कारों में ईंधन की खपत 10 से 15 प्रतिशत तक कम हो जाती है. कम ईंधन जलने के कारण हानिकारक गैसों का एमीशन घटता है, जो पर्यावरण के लिए बेहतर है. सबसे खास बात ये है कि जरूरत पड़ने पर ड्राइवर को इंजन की पूरी ताकत और पिकअप भी मिलता है.
