शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
आज़मगढ़

Azamgarh News:नगर पालिका के 25 वार्डों के 18 हजार भवनों पर लगेगा क्यूआर कोड – Qr Codes Will Be Installed On 18,000 Buildings In 25 Municipal Wards

November 4, 2026


शहरवासियों को गृहकर और जलकर जमा करने के लिए अब नगर पालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नई व्यवस्था के तहत नगर पालिका शहर के करीब 18 हजार भवनों को क्यूआर कोड से जोड़ने जा रही है।

भवनों पर लगाए जाने वाले क्यूआर कोड को स्कैन करते ही संपत्ति और कर से संबंधित जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध हो सकेगी। इसके जरिए भवन स्वामी घर बैठे ही गृहकर, जलकर आदि का भुगतान कर सकेंगे। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 25 वार्ड हैं।

इन सभी वार्डों के भवनों पर क्यूआर कोड लगाने की योजना तैयार की गई है। अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि इस व्यवस्था के लिए इंडसइंड बैंक से अनुबंध हो चुका है। बैंक का सर्वर विकसित होने के बाद उसे नगर पालिका के सर्वर से जोड़ दिया जाएगा।

इसके बाद भवनों पर क्यूआर कोड लगाने का काम शुरू होगा। अगले तीन माह के भीतर यह प्रक्रिया शुरू होगी। नगर पालिका की कर वसूली व्यवस्था पहले से ऑनलाइन है, लेकिन क्यूआर कोड के माध्यम से इसे सीधे भवनों से जोड़ने की तैयारी है। इससे कर संग्रहण में पारदर्शिता बढ़ेगी और बकाया कर की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी।

00

कर चोरी पर अंकुश लगाने में मिलेगी मदद

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने से भवन स्वामियों को अपने टैक्स और बिल के भुगतान की स्थिति जानने में भी आसानी होगी। वहीं, नगर पालिका के अधिकारी क्यूआर कोड स्कैन कर भवन स्वामी और संपत्ति से संबंधित आवश्यक विवरण देख सकेंगे। इससे संपत्तियों की पहचान आसान होगी और कर चोरी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

00 वर्जन

नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले 18 हजार भवनों पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इसके लिए इंडसइंड बैंक से अनुबंध हो चुका है। तीन माह के भीतर भवनों पर क्यूआर कोड लगने शुरू हो जाएंगे। इससे लोग घर बैठे विभिन्न कर जमा कर सकेंगे। -डॉ. बृजेश कुमार, अधिशासी अधिकारी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X