Azamgarh News:1.46 लाख उपभोक्ताओं ने कभी जमा नहीं किया बिजली बिल – 1.46 Lakh Consumers Have Never Paid Their Electricity Bills
जिले में बिजली निगम के 1.46 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद बिजली का तो उपयोग किया, लेकिन बिजली बिल के नाम पर निगम को चवन्नी तक जमा नहीं किया। बकाया वसूली के लिए चलाए गए तगादा अभियान में भी इन्होंने रुचि नहीं दिखाई।
जिले की दोनों सर्किल में विभिन्न भार के कुल 7.30 लाख उपभोक्ता हैं, लेकिन इन उपभोक्ताओं में से 1.46 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जो कनेक्शन लेने के बाद कभी बिजली बिल जमा नहीं कर पाए हैं। ये सभी कनेक्शन पांच साल या इससे ज्यादा पुराने हैं।
अधीक्षण अभियंता गौरव तिवारी ने बताया कि सर्किल प्रथम में विभिन्न भार के 3.50 लाख उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं में 70 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद कभी बिजली बिल जमा नहीं किया। इन पर बिजली बिल का करीब 500 करोड़ रुपये बकाया है।
इसी प्रकार सर्किल द्वितीय में विभिन्न भार के 3.80 लाख उपभोक्ता हैं। इसमें से 76 हजार उपभोक्ताओं ने कभी बिजली बिल जमा नहीं किया है। इन पर बिजली बिल का 550 करोड़ रुपये बकाया है। ये उपभोक्ता बिजली का उपयोग तो कर रहे हैं, लेकिन बिल जमा नहीं कर रहे हैं।
पिछले महीने उपभोक्ताओं से बकाया वसूली के लिए तगादा अभियान चलाया गया था। इन उपभोक्ताओं को व्यक्तिगत रूप से और फोन के माध्यम से भी बकाया जमा करने के लिए कहा गया, लेकिन इन्होंने बकाया जमा नहीं किया। अभियान के तहत दोनों सर्किलों में 12 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं।
00 वर्जन
बकायेदार उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं तो उनके कनेक्शन काटकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। 12 हजार से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। आगे भी इनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। -गौरव तिवारी, अधीक्षण अभियंता।
