Kaithal News:प्रचार के लिए पांच घंटे सड़क रोकी, शोरूम मालिक पर प्राथमिकी दर्ज – Road Blocked For Five Hours For Promotional Activity; Fir Registered Against Showroom Owner
कैथल। कपड़ों के ब्रांड के प्रचार के लिए ढांड रोड पर बिना अनुमति सड़क घेरकर आयोजन करने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने डे-बैक के अज्ञात शोरूम मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि शोरूम संचालक ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर एक तरफ का रास्ता पांच घंटे से अधिक समय तक बंद रखा। इस दौरान सड़क पर स्टेज लगाकर डीजे बजाया गया और लोगों की भीड़ एकत्रित की गई। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार ढांड रोड पर नए खुले डे-बैक शोरूम की ओर से अपने ब्रांड के प्रचार के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके लिए सड़क के एक हिस्से को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया। आयोजन के लिए शोरूम संचालक ने संबंधित विभाग या पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली थी। दीपावली के मद्देनजर इन दिनों बाजारों और मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पहले से ही बढ़ी हुई है। खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़क बंद होने से आम राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
डीएसपी सुशील प्रकाश के अनुसार निजी कार्यक्रम के लिए सार्वजनिक सड़क को बंद करने की अनुमति नहीं है। यदि किसी आयोजन के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव करना जरूरी हो तो संबंधित थाने से पहले अनुमति लेनी होती है।
निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के तहत ही इसकी मंजूरी दी जाती है। डे-बैक शोरूम की ओर से सड़क बंद करने के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। सुरक्षा एजेंट की शिकायत के आधार पर शोरूम मालिक के खिलाफ कार्रवाई की है।
